आज की खबर

राज्यसेवा अफसरों को सीएम ने बताया शासन का मजबूत स्तम्भ… राप्रसे संघ की पत्रिका सेवा शिखर के विमोचन में जुटे अफसर

छत्तीसगढ़ राज्य प्रशासनिक सेवा संघ के अफसरों ने रविवार को सीएम हाउस जाकर मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से मुलाकात की और उनसे राप्रसे संघ की पत्रिका सेवा शिखर का विमोचन करवाया। इस दौरान सीएम साय ने राज्य प्रशासनिक सेवा के अफसरों की सराहना की और कहा कि वे शासन का मजबूत स्तम्भ हैं। प्रदेश की योजनाओं और कार्यक्रमों का सफल क्रियान्वयन उन्हीं के माध्यम से संभव हो पाता है। शासन की नीतियों को आम लोगों तक प्रभावी ढंग से पहुँचाने में इन अफसरों की निष्ठा, समर्पण और संवेदनशीलता अत्यंत महत्वपूर्ण है। सीएम साय ने कहा कि शासन और जनता के बीच की यही मजबूत कड़ी हैं। इनसे प्रदेश के विकास को भी गति मिलती है। सीएम साय ने “सेवा शिखर” पत्रिका के प्रथम संस्करण के प्रकाशन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए इसे राज्य के प्रशासनिक अधिकारियों के लिए एक सार्थक मंच बताया। उन्होंने कहा कि यह पत्रिका अधिकारियों को अपने अनुभव, विचार और सुझाव साझा करने का अवसर प्रदान करेगी, जिससे एक जीवंत और संवादपूर्ण प्रशासनिक वातावरण का निर्माण होगा। उन्होंने राप्रसे अफसरों से अपील की कि वे अपने कर्तव्यों का निर्वहन पूर्ण ईमानदारी और निष्ठा से करें, ताकि शासन की योजनाओं का लाभ सही अर्थों में अंतिम व्यक्ति तक पहुँच सके। इस दौरान राज्य प्रशासनिक सेवा संघ के अध्यक्ष अजय त्रिपाठी, उपाध्यक्ष उमाशंकर बंदे, कोषाध्यक्ष नवीन भगत, डॉ. अभिनव मिश्रा, अपूर्व प्रियेश टोप्पो, नंदकुमार चौबे, अर्चना पाण्डेय, दिव्या वैष्णव, बृजेश क्षत्रिय, डॉ. सुभाष राज, डॉ. धनंजय नेताम एवं घनश्याम कंवर उपस्थित थे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button