रायपुर वीआईपी रोड, दुर्ग और बिलासपुर के होटल-क्लब में सट्टे के 200 करोड़ रु लगाने की जांच… महादेव एप केस में ED के दिल्ली में भी छापे
महादेव ऑनलाइन सट्टा एप केस में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने छत्तीसगढ़ के रायपुर, बिलासपुर और दुर्ग के होटल-क्लबों में दो दिन से जांच की है, वहीं आज शुक्रवार को दिल्ली में कई ठिकानों पर ताबड़तोड़ छापे मारे हैं। सौरभ चंद्राकर से रिमांड के दौरान हुई पूछताछ में मिले सुरागों के आधार पर ताजा कार्रवाई चल रही है। ईडी की टीमों ने अकेले रायपुर में वीआईपी रोड स्थित सात बड़े होटल औरक्लबों कोजांच के दायरे में रखा है और दस्तावेजों तथा निवेश के रिकॉर्ड की जांच की है। पंडरी के एक क्लब के बैंक खातों की भी जांच चल रही है। ईडी को शक है कि होटल और क्लब कारोबारों में करीब 200 करोड़ रुपये का अवैध निवेश किया गया है।
उधर, ईडी ने दिल्ली में लग्जरी कैटरर राहुल मक्कर (सौरभ चंद्राकर की दुबई वाली शादी के कैटरर) और रियल एस्टेट कारोबारी शेली ग्रोवर व बेटे माधव ग्रोवर के ठिकानों पर रेड की है। इनकी 9 कंपनियां जांच के दायरे में हैं। ईडी को संदेह है कि महादेव ऐप से कमाए गए सट्टे के करोड़ों रुपये (लगभग 125 करोड़ रुपये) इन लोगों तक पहुंचाए गए। आरोप है कि इन पैसों का इस्तेमाल दुबई के रियल एस्टेट प्रोजेक्ट्स में बड़ी संपत्तियां खरीदने और भारत के हॉस्पिटैलिटी सेक्टर में निवेश करने के लिए किया गया। ईडी राहुल मक्कर और सट्टे के पैसों का वित्तीय प्रबंधन संभालने वाले मुख्य आरोपी विकास छपरिया के बीच के कारोबारी रिश्तों की भी जांच कर रही है।



