जनजातीय गौरव दिवस पर कल 15 नवंबर को छत्तीसगढ़ में बड़ा आयोजन… धरमजयगढ़ में भाजपाध्यक्ष नितिन नवीन, सीएम साय-मंत्री जुटेंगे
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर रायगढ़ जिले के धरमजयगढ़ में कल, 15 नवंबर को जनजातीय गौरव दिवस मनाया जाएगा। कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, सीएम विष्णु देव साय, छत्तीसगढ़ के अधिकांश मंत्री और भाजपा संगठन के पदाधिकारी जुटेंगे। शामिल होंगे। इस बड़े आयोजन में भगवान बिरसा मुंडा के संघर्ष और योगदान को याद करने के साथ-साथ प्रदेश जनजातीय परिवारों की सुविधा से जुड़ी योजनाओं की प्रगति साझा की जाएगी।
‘धरती आबा’ के नाम से विख्यात भगवान बिरसा मुंडा ने जनजातीय समाज के अधिकारों और स्वाभिमान के लिए संघर्ष किया। मोदी सरकार ने 2021 में 15 नवंबर को उनकी जयंती पर हर वर्ष जनजातीय गौरव दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया था। इसी क्रम में कल धरमजयगढ़ में आयोजन किया जा रहा है। इसमें छत्तीसगढ़ के शहीद वीर नारायण सिंह, वीर गुंडाधुर, राजा गेंद सिंह, शहीद झाड़ा सिरहा, हिड़मा माँझी और संत गहिरा गुरु के योगदान को भी याद किया जाएगा।
जनजातीय गौरव दिवस से एक दिन पहले आधिकारिक तौर पर समुदाय से जुड़ी उपलब्धियों को शेयर किया गया है। इसके अनुसार छत्तीसगढ़ में महतारी वंदन योजना से 19.89 लाख से अधिक जनजातीय महिलाएं लाभान्वित हुई हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना और अन्य आवास योजनाओं के तहत 7.89 लाख से अधिक जनजातीय परिवारों को पक्के आवास मिले हैं। धरती आबा अभियान से 6,691 गांवों के 11 लाख से अधिक परिवारों को लाभ मिला है, जबकि प्रधानमंत्री जनजाति आदिवासी न्याय महाअभियान (पीएम-जनमन) से 1,544 गांवों के 56,569 परिवार लाभान्वित हुए हैं। यही नहीं, प्रदेश में 4.88 लाख से अधिक व्यक्तिगत वन अधिकार पत्र, 46,868 सामुदायिक वन अधिकार पत्र और 4,412 सामुदायिक वन संसाधन अधिकार पत्र वितरित किए गए हैं। जनजातीय विरासत के संरक्षण के लिए नवा रायपुर में 50 करोड़ रुपये की लागत से शहीद वीर नारायण सिंह स्मारक और डिजिटल संग्रहालय भी विकसित किया गया है।



