आज की खबर

रायपुर में 100 ई-बसों के रूट आम लोग तय करेंगे… निगम ने शुरू किया ऑनलाइन सर्वे, जानिए कैसे दें सुझाव

रायपुर नगर निगम ने ‘पीएम ई-बस योजना’ के तहत मिलने वाली 100 नई इलेक्ट्रिक बसों (E-buses) के रूट राजधानी के लोगों के सुझाव से तय करने का फैसला किया है। इसके लिए निगम एक विशेष ऑनलाइन सर्वे भी शुरू कर दिया है। रायपुर नगर निगम ई-बस सर्वे की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर या उनके सोशल मीडिया हैंडल्स पर जारी किए गए गूगल फॉर्म (Google Form) लिंक से शहर के लोग अपनी राय दे सकते हैं। वे बता सकते हैं कि बसों का रूट और स्टॉपेज कहां होना चाहिए।

इस सर्वे का मुख्य उद्देश्य कॉलेज जाने वाले छात्रों, दफ्तर के कर्मचारियों, व्यापारियों और गृहिणियों को सीधे तौर पर जोड़ना है। रूट इस तरह तैयार किए जाएंगे कि स्कूल, कॉलेज, मुख्य बाजार और अस्पताल आपस में सुगमता से जुड़ सकें।

रायपुर में इन 100 ई-बसों के रखरखाव और चार्जिंग के लिए जरवाय में 13.5 करोड़ रुपये की लागत से एक आधुनिक ई-बस डिपो का निर्माण तेजी से किया जा रहा है। डिपो परिसर में विशाल चार्जिंग प्लेटफॉर्म और आधुनिक चार्जिंग स्टेशन स्थापित किए जा रहे हैं। इसके साथ ही टिकटिंग और कंडक्टर एजेंसी के चयन की प्रक्रिया भी जारी है।

बता दें कि 12 अक्टूबर को छत्तीसगढ़ के चार नगर निगमों (रायपुर, बिलासपुर, भिलाई, कोरबा) और चयनित एजेंसी चार्टर्ड स्पीड लिमिटेड के बीच डिप्टी सीएम अरुण साव की मौजूदगी में एग्रीमेंट साइन हो चुका है। सरकार ने दिसंबर 2026 तक डिपो, चार्जिंग स्टेशन और बस स्टॉप का काम पूरा करने का लक्ष्य रखा है, जबकि रायपुर की सड़कों पर इन बसों का संचालन मार्च 2027 तक पूरी तरह शुरू करने की तैयारी है। बसों की रीयल-टाइम लोकेशन ट्रैक करने के लिए एक Command & Control System भी विकसित किया जा रहा है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button