शाहरुख खान, अजय देवगन, टाइगर श्रॉफ फंसे “विमल” के एड में… इलायची के बहाने पान मसाले के विज्ञापन का आरोप… एफडीए का नोटिस, 15 दिन का समय
महाराष्ट्र फूड एंड ड्रग एडमिनिस्ट्रेशन (FDA) ने बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान, अजय देवगन और टाइगर श्रॉफ को ‘विमल इलायची’ के विज्ञापन को लेकर कारण बताओ (Show-Cause) नोटिस जारी किया है।महाराष्ट्र में पान मसाला और तंबाकू उत्पादों पर पूरी तरह प्रतिबंध है। एफडीए का आरोप है कि ‘इलायची’ का यह विज्ञापन असल में प्रतिबंधित ‘विमल पान मसाला’ को बढ़ावा देने के लिए एक सरोगेट विज्ञापन (Surrogate Advertising) या ब्रांड एक्सटेंशन की तरह इस्तेमाल हो रहा है।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक एफडीए ने तीनों अभिनेताओं से यह साबित करने के लिए दस्तावेजी सबूत मांगे हैं कि ‘विमल इलायची’ वास्तव में एक अलग और स्वतंत्र प्रोडक्ट है जो बाजार में बिकता है, न कि केवल पान मसाला को प्रमोट करने का जरिया है। अभिनेताओं को इस नोटिस का लिखित जवाब देने और अपने एंडोर्समेंट से जुड़े कानूनी दस्तावेज जमा करने के लिए 15 दिन का समय दिया गया है। वे चाहें तो खुद या अपने वकील के जरिए व्यक्तिगत सुनवाई के लिए भी उपस्थित हो सकते हैं। वकीलों के अनुसार यदि अभिनेताओं का जवाब संतोषजनक नहीं पाया जाता है, तो फूड सेफ्टी एंड स्टैंडर्ड्स एक्ट के नियमों का उल्लंघन करने पर उन पर ₹10 लाख तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।



