आज की खबर

छत्तीसगढ़ में भी बाढ़ शुरू… गरियाबंद में पैरी नदी का पानी घुसा गांवों में… सैकड़ों एकड़ खेत डूबे, कोई जनहानि नहीं

छत्तीसगढ़ के गरियाबंद में पैरी नदी में आई भीषण बाढ़ के कारण सैकड़ों एकड़ धान की फसल पूरी तरह डूब गई है। इलाके में हुई भारी बारिश और सिकासेर जलाशय के 16 गेट खोलकर करीब 44,000 क्यूसेक पानी छोड़े जाने के कारण पैरी नदी का जलस्तर अचानक बढ़ा, जिससे किनारे वाले गांवों और खेतों में बाढ़ का पानी घुस गया है। अचानक आई इस बाढ़ से लोग बालबाल बचे हैं।

रिपोर्ट्स के मुताबिक पैरी नदी के उफान पर आने से सहसपुर, धुरसा और आसपास के तटीय गांवों में खेतों में लगी धान की फसल डूबी हुई है। गरियाबंद में लगातार भारी बारिश की वजह से बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं और कई प्रमुख नेशनल हाईवे व अंदरूनी मार्ग पानी भरने से बंद होने लगे हैं।

सुहागपुर गांव के गौठान समेत कई इलाके टापू बन गए थे, जहां बाढ़ में फंसे परिवारों को नगर सेना की टीम ने मोटर बोट के जरिए सुरक्षित निकाला है। कोपरा और आसपास के गांव भी बाढ़ से प्रभावित हैं। प्रभावित क्षेत्रों के पीड़ित किसानों ने शासन-प्रशासन से खेतों का तत्काल गिरदावरी (सर्वेक्षण) कराने और फसल के भारी नुकसान के बदले उचित मुआवजा व राहत राशि देने की गुहार लगाई है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button