आज की खबर

इंटर्न डॉक्टर्स ने स्टाइपेंड 30 हजार रु महीना करने के लिए शुरू किया आंदोलन… रायपुर में शाम को निकाली बाइक रैली

राजधानी रायपुर में पं. जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज और डॉ. भीमराव अंबेडकर अस्पताल रायपुर के MBBS इंटर्न डॉक्टर्स ने स्टाइपेंड की मांग के लिए आंदोलन शुरू कर दिया है। इंटर्न डॉक्टरों ने आज मंगलवार को स्टाइपेंड 15900 रुपए से बढ़ाकर 30 हजार रुपए महीना करने के लिए बाइक रैली निकाली। रैली अस्पताल परिसर से प्रारंभ होकर देवेंद्र नगर चौक, शास्त्री चौक होते हुए पुनः अंबेडकर अस्पताल पहुंची।

रैली में लगभग 100–120 MBBS इंटर्न डॉक्टर्स शामिल हुए। उन्होंने बताया कि छत्तीसगढ़ में इंटर्न डॉक्टर्स को देश के कई राज्यों की तुलना में कम स्टाइपेंड प्राप्त हो रहा है। वर्तमान में पश्चिम बंगाल में स्टाइपेंड लगभग 43,000 रुपए प्रतिमाह, ओडिशा – लगभग ₹42,000 प्रतिमाह, असम – ₹30,000 प्रतिमाह, कर्नाटक – ₹30,000 प्रतिमाह, महाराष्ट्र – ₹30,000 प्रतिमाह, बिहार – ₹27,000 प्रतिमाह, झारखंड – ₹25,000 प्रतिमाह, आंध्र प्रदेश – ₹22,500 प्रतिमाह और पंजाब में ₹22,000 प्रतिमाह स्टाइपेंड दिया जा रहा है। जूनियर डॉक्टर्स एसोसिएशन के अनुसार इंटर्न डॉक्टर्स प्रतिदिन अस्पतालों की स्वास्थ्य सेवाओं का अभिन्न हिस्सा होते हैं। वे 24-24 घंटे की इमरजेंसी ड्यूटी, ICU, CCU, PICU, SICU, ट्रॉमा सेंटर, वार्ड एवं ओपीडी में लगातार मरीजों की सेवा करते हैं। कई बार 24 घंटे की ड्यूटी के तुरंत बाद भी उन्हें पुनः ओपीडी में सेवाएं देनी पड़ती हैं। इसके बावजूद उन्हें देश के सबसे कम स्टाइपेंड में से एक प्राप्त हो रहा है।

इंटर्न डॉक्टर्स ने बताया कि पिछले छह माह से वे लगातार शासन एवं स्वास्थ्य विभाग को ज्ञापन सौंपते रहे हैं। इस दौरान उन्होंने अनेक बार स्वास्थ्य मंत्री से मुलाकात कर अपनी मांगों से अवगत कराया, किन्तु अब तक कोई ठोस निर्णय नहीं लिया गया है। इसलिए छत्तीसगढ़ के अधिकांश शासकीय मेडिकल कॉलेजों के MBBS इंटर्न डॉक्टर्स अपनी मांगों के समर्थन में अनिश्चितकालीन हड़ताल पर हैं। वहीं, मेकाहारा, रायपुर के इंटर्न डॉक्टर्स ने आज बाइक रैली के माध्यम से सरकार का ध्यान आकर्षित करने का प्रयास किया है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button