रायपुर में 3 दर्जन मेडिकल स्टोर्स पर छापे, 4 सील… डॉक्टर पर्ची के बिना “बैन” दवा बेचते पकड़े गए

रायपुर कमिश्नरेट पुलिस तथा ड्रग कंट्रोलर विभाग ने सोमवार को राजधानी में बड़ी कार्रवाई करते हुए चार मेडिकल स्टोर्स सील कर दिए हैं।तीन दर्जन मेडिकल स्टोर्स में जांच के दौरान इन चार स्टोर्स को सील किया गया है। इनमें मां दुर्गा मेडिकोज, गोल चौक डीडीनगर, आयुष मेडिकल, गुढियारी, विश्वास मेडिकल भनपुरी और उदय मेडिकल स्टोर उरकुरा शामिल हैं।
रायपुर पुलिस कमिश्नर डॉ. संजीव शुक्ला ने बताया कि कुछ मेडिकल स्टोर्स से डॉक्टर की पर्ची के बिना प्रतिबंधित एवं नशीली दवा बेचने की सूचनाएं मिली थीं। इस आधार पर डीसीपी क्राइम स्मृतिक राजनाला ने क्राइम ब्रांच, थाने और ड्रग कंट्रोलर की टीमें बनवाकर तीन दर्जन मेडिकल स्टोर्स पर छापेमारी शुरू की। इसके लिए टेस्ट पर्चेसिंग करवाई गई। इसी में चार मेडिकल स्टोर्स बिना प्रिस्क्रिप्शन के प्रतिबंधित दवाई Pregabalin Capsules एवं Rexcof DX Syrup बेचते पकड़े गए। इनके ख़िलाफ़ तुरंत ड्रग कंट्रोल विभाग ने केस दर्ज किया और पुलिस की मदद से इन्हें सील करवा दिया।
रायपुर कमिश्नर डॉ शुक्ला ने अपील है कि सभी मेडिकल स्टोर संचालक प्रतिबंधित एवं प्रिस्क्रिप्शन आधारित दवाइयों का विक्रय केवल वैध डॉक्टर की पर्ची के आधार पर ही करें। नियमों का उल्लंघन कर बिना पर्ची के प्रतिबंधित दवाइयों का विक्रय करने वाले मेडिकल स्टोर संचालकों के विरुद्ध भविष्य में भी इसी प्रकार सख्त वैधानिक कार्यवाही लगातार जारी रहेगी।



