अपेक्स बैंक में 18 करोड़ रुपए का गबन… ब्रांच मैनेजर समेत 8 नौकरी से बर्खास्त… ईओडब्लू को सौंपी जा रही इन्वेस्टिगेशन
छत्तीसगढ़ राज्य सहकारी बैंक (अपेक्स बैंक) की सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले की बरमकेला ब्रांच में 18.13 करोड़ रुपये के भारी घोटाले में बैंक प्रबंधन ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 8 कर्मचारियों को नौकरी से बर्खास्त कर दिया है। अपेक्स बैंक के प्राधिकृत अधिकारी केदारनाथ गुप्ता के निर्देश पर उच्चस्तरीय जांच और विशेष ऑडिट के बाद यह बड़ा एक्शन लिया गया है। इस मामले में तीन नियमित अधिकारियों/कर्मचारियों को बर्खास्त किया गया है और 5 आउटसोर्स कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से हटा दिया गया है। बर्खास्त कर्मचारियों में डी. आर. वाघमारे (तत्कालीन शाखा प्रबंधक), मीनाक्षी मांझी (लेखाधिकारी), आशीष कुमार पटेल (क्लर्क) तथा आउटसोर्सिंग कर्मचारियों में लिकेश कुमार बैरागी, रमाकांत श्रीवास, अरुण चंद्राकर, खीरदास महंत और बालकृष्ण कर्ष शामिल हैं।
सूत्रों के अनुसार आरोपियों ने अपने निजी बैंक लॉगिन आईडी और पासवर्ड का दुरुपयोग करके इस घोटाले को अंजाम दिया। उन्होंने कुल 17 सहकारी समितियों से जुड़े 887 किसानों के किसान क्रेडिट कार्ड (KCC) और डीएमआर (DMR) खातों में फर्जी तरीके से पैसे का लेन-देन किया। जांच में सामने आया कि आरोपियों ने फर्जी हस्ताक्षर और नकली वाउचर्स का उपयोग करके नियमों के विपरीत ट्रांजेक्शन किए और करोड़ों रुपये का सुनियोजित गबन किया।
इस मामले में बैंक प्रबंधन की लिखित शिकायत पर बरमकेला थाने में पहले ही (मई 2025 में) इन 8 आरोपियों के खिलाफ धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया जा चुका था। बैंक प्रबंधन ने जानकारी दी है कि इस मामले की गहराई से जांच के लिए मामला आर्थिक अपराध अन्वेषण शाखा (EOW) को सौंपने की सैद्धांतिक सहमति मिल चुकी है। गबन में शामिल सभी दोषियों की निजी संपत्ति और खातों से नियमानुसार पूरी राशि की रिकवरी (वसूली) भी की जाएगी।



