आज की खबर
NEET नीट परीक्षा रविवार, 21 जून को… पेपर सुरक्षित पहुंचाने वायुसेना के एयरक्राफ्ट्स की 200 उड़ानें… विमानों से ही जाएंगी ओएमआर शीट्स
रायपुर समेत देशभर में रविवार, 21 जून 2026 को होने वाले NEET नीट री-एग्जाम को पूरी तरह सुरक्षित और लीक-प्रूफ बनाने के लिए केंद्र सरकार और नेशनल टेस्टिंग एजेंसी ने अभूतपूर्व कदम उठाए हैं। परीक्षा की संवेदनशीलता को देखते हुए गोपनीय सामग्रियों की सुरक्षा का जिम्मा भारतीय वायुसेना (IAF) को सौंपा गया है। पिछले 4 दिनों में वायुसेना के परिवहन विमानों (जैसे C-17 ग्लोबमास्टर, गजराज) और हेलिकॉप्टरों ने 200 से अधिक उड़ानें (sorties) भरकर देश के मुख्य हब्स से प्रश्नपत्रों को 20 से अधिक संवेदनशील और महत्वपूर्ण शहरों (जैसे पटना, जगदलपुर, अकोला, आगरा) तक सुरक्षित पहुंचाया है। रायपुर में भी सारे प्रश्नपत्र एयरफोर्स के विमानों से ही आए हैं। वायुसेना द्वारा पहुंचाए गए इन पेपर्स को एयरपोर्ट से कड़ी सुरक्षा के बीच स्थानीय बैंकों के डबल लॉकर और स्ट्रॉन्ग रूम में सुरक्षित रखवा दिया गया है। सिर्फ प्रश्नपत्र लाने के लिए ही नहीं, बल्कि परीक्षा खत्म होने के बाद छात्रों की OMR आंसर शीट्स को भी पूरी तरह सुरक्षित और हाई-सिक्योरिटी निगरानी में वापस ले जाने की तैयारी है। इस पूरे मिशन में सेंट्रल फोर्स जैसे CRPF और CISF के जवान भी परीक्षा केंद्रों पर मुस्तैद रहेंगे, ताकि कहीं भी कोई गड़बड़ी न हो सके। रायपुर कलेक्टर डॉ गौरव कुमार ने राजधानी के सभी परीक्षा सेंटर्स में इंतज़ामों का जायज़ा ले लिया है। बता दें कि यह कदम मई में हुए पेपर लीक विवाद और परीक्षा रद्द होने के बाद छात्रों के भरोसे को फिर से बहाल करने और परीक्षा को पूरी तरह पारदर्शी बनाने के लिए उठाया गया है।



