आज की खबर

रेत खदान मालिक भाजपा नेता भरत सिंह समेत 3 की कार में जिंदा जलाकर हत्या में त्रिपाठी परिवार से 4 और गिरफ्तार… 4 पहले ही अरेस्ट, अब एक ही फरार

छत्तीसगढ़ के कोरिया जिले में भाजपा नेता भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह सहित तीन लोगों को उन्हीं की फॉर्च्यूनर कार में जिंदा जलाने वाले मुख्य आरोपी त्रिपाठी परिवार के मनोज त्रिपाठी समेत 4 और आरोपियों को मनेंद्रगढ़ पुलिस ने आज, 20 जून को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि कहा जा रहा है कि पुलिस के भयंकर दबाव के कारण चारों ने थाने में आत्मसमर्पण (सरेंडर) किया है।इस तिहरे हत्याकांड में पुलिस ने कुल 9 आरोपियों के खिलाफ नामजद केस दर्ज किया था, जिसमें से अब तक कुल 8 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं और केवल 1 आरोपी अभी भी फरार है।

पुलिस ने बताया कि आज मनोज त्रिपाठी (मास्टरमाइंड तथा मुख्य आरोपी)तथा उसके परिवार के निशांत त्रिपाठी, आशुतोष त्रिपाठी और अमन त्रिपाठी की गिरफ्तारी की गई है। वारदात के अगले दिन पुलिस ने इसी परिवार के अक्षत त्रिपाठी, विशाल त्रिपाठी सत्यप्रकाश त्रिपाठी और मन्नू त्रिपाठी को गिरफ्तार कर लिया था। इस तिहरे हत्याकांड में पुलिस ने इनके अलावा एक और युवक को आरोपी बनाया था, जिसकी तलाश चल रही है।

यह खूनी संघर्ष सोनहत थाना क्षेत्र के नौगईं गांव में रेत उत्खनन और परिवहन (रेत तस्करी) के वर्चस्व को लेकर हुआ। रेत खदान का ठेका भरत सिंह के परिवार के पास था, जबकि परिवहन को लेकर त्रिपाठी परिवार से महीनों से विवाद चल रहा था। पुलिस के अनुसार 16 जून की देर रात आरोपियों ने सुनियोजित तरीके से भाजपा नेता भरत सिंह की फॉर्च्यूनर गाड़ी के आगे-पीछे हाईवा (ट्रक) अड़ाकर उनका रास्ता रोक दिया। इसके बाद गाड़ी लॉक रहने के दौरान ही उस पर पेट्रोल छिड़ककर आग लगा दी।इस दर्दनाक हमले में पूर्व जनपद पंचायत अध्यक्ष भरत सिंह उर्फ लल्ला सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। उनके चचेरे भाई व शिक्षक नागेंद्र सिंह और एक अन्य रिश्तेदार वीरेंद्र सिंह ने भी इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इसके अलावा मयंक सिंह समेत अन्य गंभीर रूप से घायल हैं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button