आज की खबर

राजेश मूणत का मातृशक्ति के लिए बड़ा विज़न… रायपुर पश्चिम में महतारी सदन और पहला महिला योग सेंटर शुरू… भव्य समारोह में सांसद बृजमोहन भी शामिल


रायपुर पश्चिम के दिग्गज भाजपा विधायक और तीन बार के कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत के विकास कार्यों की रफ्तार बनी हुई है। उन्होंने रविवार, 14 जनवरी को क्षेत्र की जनता और मातृशक्ति को बड़ी सौगात देते हुए महतारी सदन (आंगनबाड़ी केंद्र) और महिला योग भवन का लोकार्पण किया है। रायपुरा के विप्र नगर में ₹80 लाख की लागत से तैयार हुए इस आधुनिक परिसर के उद्घाटन में कद्दावर भाजपा सांसद बृजमोहन अग्रवाल भी उपस्थित थे। महतारी सदन ही नहीं, बल्कि विधायक मूणत ने 40 लाख रुपए से तैयार महिला योग भवन व जुंबा सेंटर की सौगात भी अपने क्षेत्र को दी है। इस तरह, रायपुर पश्चिम में रविवार को 1.20 करोड़ रुपए के निर्माण क्षेत्र की जनता को समर्पित किए गए।

छत्तीसगढ़ के पहले सरकारी महिला योग सेंटर में महिलाओं के लिए विशेष रूप से महिला योग भवन और जुंबा सेंटर की शुरुआत की गई है। यही नहीं, आर्थिक रूप से कमजोर और मध्यमवर्गीय परिवारों के बच्चों को बेहतर शुरुआती शिक्षा देने के लिए आधुनिक आंगनबाड़ी केंद्र/प्ले स्कूल तैयार किया गया है। सुविधाओं के व्यवस्थित और उच्च स्तरीय प्रबंधन के लिए इसे ‘महाराष्ट्र मंडल’ को सौंपने की तैयारी है, जो पहले से ही टाटीबंध के महतारी सदन का सफल संचालन कर रहा है। वरिष्ठ विधायक राजेश मूणत ने कहा कि “विकास का मतलब सिर्फ इमारतें बनाना नहीं है। हमारी कोशिश ऐसी सुविधाएं तैयार करने की है, जिससे समाज के कमजोर वर्गों के जीवन में सकारात्मक बदलाव आए, महिलाओं को स्वास्थ्य लाभ मिले और बच्चों को अच्छी शिक्षा मिले”।लोकार्पण समारोह के बाद उन्होंने क्षेत्र की जनता, मातृशक्ति और कार्यकर्ताओं के प्रति आभार व्यक्त करते हुए इसे महिलाओं के सम्मान और बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के प्रति अपनी प्रतिबद्धता बताया है। इसके अतिरिक्त, उन्होंने क्षेत्र में बिजली की समस्या सुधारने के लिए गुढ़ियारी में 3 नए विद्युत उपकेंद्र स्थापित करने और ₹2.06 करोड़ के अन्य विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया है।

रविवार को हुए लोकार्पण समारोह के मुख्य अतिथि रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल रहे। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्षेत्रीय विधायक राजेश मूणत ने की। मंच पर विशिष्ट अतिथि के रूप में विधायक व पूर्व सांसद सुनील सोनी, विधायक मोतीलाल साहू, विधायक पुरंदर मिश्रा, नगर निगम रायपुर की महापौर श्रीमती मीनल चौबे एवं नगर निगम के सभापति सूर्यकांत राठौर भी उपस्थित रहे। समारोह में रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र के सभी भाजपा मंडलों के अध्यक्ष, मंडल प्रभारी, सभी मोर्चा एवं प्रकोष्ठों के अध्यक्ष, व मंडल के महामंत्री सहित पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

समारोह को संबोधित करते हुए सांसद बृजमोहन अग्रवाल ने कहा कि छत्तीसगढ़ के नगरीय विकास की दिशा में एक अनुकरणीय मील का पत्थर है। विधायक राजेश मूणत ने कंक्रीट के ढांचे को सामाजिक संवेदनशीलता के साथ जोड़कर एक नया मॉडल प्रस्तुत किया है। महापौर मीनल चौबे ने कहा कि रायपुर नगर निगम क्षेत्र के अंतर्गत विप्र नगर में स्थापित यह सर्वसुविधायुक्त परिसर स्थानीय महिलाओं और बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए एक वरदान साबित होगा। एक महिला प्रतिनिधि के रूप में मैं विधायक राजेश मूणत की इस दूरगामी और कल्याणकारी सोच की सराहना करती हूँ।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button