बंगाल में सरकारी भवन में आग से 4000 ईवीएम खाक… हाल के चुनाव में 10 सीटों पर इन्हीं मशीनों से हुई थी वोटिंग
पश्चिम बंगाल के कोलकाता (अलीपुर) स्थित एक 9 मंजिला सरकारी भवन में में लगी भीषण आग में लगभग 4,000 इलेक्ट्रॉनिक वोटिंग मशीनें (EVM) जलकर खाक हो गईं। आग दक्षिण कोलकाता के अलीपुर इलाके में स्थित सरकारी इमारत में लगी, जिसमें दक्षिण 24 परगना जिला परिषद का कार्यालय भी है। इस घटना के बाद पश्चिम बंगाल की राजनीति में सुरक्षा व्यवस्था और चुनावी बुनियादी ढांचे (Election Infrastructure) को लेकर एक बड़ा विवाद खड़ा हो गया है।
सरकारी सूत्रों ने बताया कि आग में करीब 4,000 EVM पूरी तरह नष्ट हो गईं। इन मशीनों का इस्तेमाल राज्य में हाल ही में हुए विधानसभा चुनावों के दौरान 10 निर्वाचन क्षेत्रों में किया गया था। इसके अलावा कई महत्वपूर्ण सरकारी दस्तावेज और फाइलें भी जल गईं। दक्षिण 24 परगना जिला प्रशासन की शिकायत पर अलीपुर थाने में FIR दर्ज कर ली गई है। पुलिस और फोरेंसिक विशेषज्ञों की टीम मौके से नमूने इकट्ठा कर आग के असली कारणों (शॉर्ट सर्किट या कोई मानवीय साजिश) की वैज्ञानिक जांच कर रही है।
राज्य के अग्निशमन और आपातकालीन सेवा मंत्री कौशिक चौधरी ने घटनास्थल का दौरा करने के बाद साजिश (Sabotage) की आशंका जताई है। उनका कहना है कि आग सबसे पहले दूसरी और तीसरी मंजिल पर लगी थी, लेकिन बीच की मंजिलों को छोड़कर यह अचानक 9वीं और 10वीं मंजिल तक कैसे पहुंच गई, यह सामान्य नहीं लगता।



