पीएम मोदी के 12 साल : दिल्ली में भाजपाशासित मुख्यमंत्रियों की आज अहम बैठक… प्रधानमंत्री और गृहमंत्री की मौजूदगी, सीएम साय भी होंगे शामिल
देशभर में भाजपा-एनडीए सरकारों के सभी मुख्यमंत्री आज दोपहर 3 बजे एक ऐसी अहम बैठक में शामिल होंगे, जिसकी अध्यक्षता पीएम नरेंद्र मोदी करेंगे। गृहमंत्री अमित शाह समेत कई सीनियर केंद्रीय मंत्रियों की मौजूदगी में होने वाली यह बैठक नई दिल्ली के भारत मंडपम में होगी, जिसमे सीएम विष्णुदेव साय भी शामिल होंगे। सूत्रों के अनुसार सीएम साय छत्तीसगढ़ के विकास मॉडल पर आधारित प्रेजेंटेशन भी दे सकते हैं।
बैठक केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार के सफल 12 साल पूरे होने के ऐतिहासिक अवसर पर आयोजित है। इसमें एनडीए और भाजपा शासित राज्यों में चल रही केंद्रीय जनकल्याणकारी योजनाओं और विकास कार्यों की प्रगति पर चर्चा भी की जाएगी। आने वाले समय में देश भर में चलाए जाने वाले विशेष जनसंपर्क अभियानों और राजनीतिक कार्यक्रमों की रणनीति तैयार की जाएगी। बैठक में एनडीए और भाजपा शासित सभी राज्यों के मुख्यमंत्री जैसे उत्तरप्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ, असम के हिमंत बिस्वसरमा, बंगाल के शुभेंदु अधिकारी, एमपी के मोहन यादव आदि हैं। इनके अलावा बैठक में लगभग 72 शीर्ष राष्ट्रीय नेताओं और केंद्रीय मंत्रियों के शामिल होने की संभावना है।



