छत्तीसगढ़ युवक कांग्रेस की संगठन चुनाव प्रक्रिया 29 मई से… प्रदेशस्तरीय पदों के लिए नामांकन प्रक्रिया 11 से 13 जून
छत्तीसगढ़ में युवक कांग्रेस (Youth Congress) के संगठनात्मक चुनाव के शेड्यूल की घोषणा कर दी गई है। रायपुर के प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय ‘राजीव भवन’ में भारतीय युवा कांग्रेस के मुख्य चुनाव आयुक्त जसप्रीत सिंह और प्रदेश चुनाव अधिकारी रोशन नेगी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर छत्तीसगढ़ युवा कांग्रेस के चुनाव कार्यक्रम की घोषणा की। इसके अनुसार ब्लॉक और जिला कमेटियों के लिए 29 मई से 13 जून तक नामांकन भरे जाएंगे। प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश कार्यकारिणी पदों के लिए 11 जून से 13 जून तक नामांकन प्रक्रिया चलेगी। चुनाव में हिस्सा लेने के लिए युवाओं की उम्र 18 से 35 वर्ष के बीच होना अनिवार्य है।
युवक कांग्रेस में इस बार पूरी सदस्यता और मतदान की प्रक्रिया ऑनलाइन माध्यम से होगी। उम्मीदवारों को अपना लाइव फोटो, वोटर आईडी और 8 सेकेंड का एक परिचय वीडियो भी अपलोड करना होगा। प्रदेश अध्यक्ष और प्रदेश महामंत्री जैसे बड़े पदों पर चयन से पहले उम्मीदवारों का दिल्ली में राष्ट्रीय नेतृत्व के सामने इंटरव्यू भी लिया जाएगा।



