जगदलपुर में पहली बार चार सीएम एक साथ… योगी आदित्यनाथ, मोहन यादव, पुष्कर धामी और विष्णुदेव साय… गृहमंत्री अमित शाह ले रहे हैं बैठक

जगदलपुर (बस्तर) में मध्य क्षेत्रीय परिषद (Central Zonal Council) की 26वीं बैठक आज मंगलवार 19 मई को सुबह 11:00 बजे शुरू हो गई है। इस बेहद महत्वपूर्ण और हाईलेवल मीटिंग की अध्यक्षता केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह कर रहे हैं। इस बैठक में छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के अलावा उत्तरप्रदेश के सीएम योगी आदित्यनाथ, मध्यप्रदेश के सीएम मोहन यादव और उत्तराखंड के सीएम पुष्कर सिंह धामी अपने-अपने राज्यों के आला अफसरों के साथ मौजूद हैं। यह बैठक दोपहर बाद तक चलेगी, जिसके संपन्न होने के बाद शाम लगभग 03:30 बजे गृह मंत्री अमित शाह एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को भी संबोधित करेंगे।
बस्तर के इतिहास में यह पहली बार है जब इतने बड़े स्तर की अंतरराज्यीय बैठक का आयोजन में किया गया है। इसमें चारों राज्यों के मुख्य सचिव, नीति आयोग के प्रतिनिधि और केंद्र सरकार के वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी भी मौजूद हैं। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की मौजूदगी में हो रही इस बैठक का मुख्य उद्देश्य केंद्र और राज्यों के बीच आपसी तालमेल को मजबूत करना है। बस्तर को हाल ही में (31 मार्च 2026) नक्सलवाद मुक्त घोषित किए जाने के बाद, अब इस पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को स्थायी बनाने और सीमावर्ती राज्यों के साथ संयुक्त सुरक्षा रणनीति पर गंभीर मंथन चल रहा है। बैठक में पोषण (Nutrition), शिक्षा, स्वास्थ्य, बिजली, बुनियादी ढांचा और शहरी विकास से जुड़े प्रोजेक्ट्स पर चर्चा की जा रही है। पड़ोसी राज्यों के बीच परिवहन, जल संसाधन, बिजली ग्रिड और सीमा से जुड़े प्रशासनिक विवादों को आपसी सहमति से सुलझाने पर भी बात होने वाली है।
बस्तर को लंबे समय तक नक्सली हिंसा के लिए जाना जाता था। देश की राजधानी या बड़े महानगरों को छोड़कर बस्तर के जगदलपुर में इस परिषद का आयोजन करना केंद्र सरकार का एक बड़ा रणनीतिक और राजनीतिक संदेश है। इसके जरिए सरकार यह दिखाना चाहती है कि बस्तर अब डर के साए से बाहर निकलकर मुख्यधारा के विकास और सुशासन (Governance) का नया केंद्र बन रहा है।



