शाहरुख खान के रायपुर आने की सुगबुगाहट… 13 मई को KKR के मैच में आने की संभावना… सीएम साय की मौजूदगी से चर्चा को बल
अगर आज आरसीबी और मुंबई के मैच को देखने के लिए मुकेश अंबानी के बेटे आकाश अंबानी पहुंचे, तो ये मानकर चलिए के 13 मई के मैच में सुपरस्टार शाहरुख ख़ान के रायपुर में आने की पूरी संभावना बन सकती है। केकेआर के मैच में शाहरुख नज़र आते रहते हैं। किंग ख़ान कभी रायपुर नहीं आए हैं। सीएम विष्णुदेव साय का दो आईपीएल मैच रायपुर लाने में बड़ा योगदान रहा है, और वे केकेआर के मैच के दौरान स्टेडियम में रहेंगे, इसलिए चर्चा और भी ज़्यादा हो रही है। हालांकि सुरक्षा एजेंसियों के पास अब तक शाहरुख के आने की कोई सूचना नहीं है। लेकिन रायपुर कमिश्नरेट के पुलिस अफसरों का कहना है के अंतिम समय में भी सूचना आई तो सुरक्षा देने में रायपुर पुलिस बहुत सक्षम है।
इधर, आईपीएल के रोमांच के बीच आरसीबी की टीम के छत्तीसगढ़ पहुँचने पर खिलाड़ियों का छत्तीसगढ़ की पारंपरिक संस्कृति और लोककलाओं के साथ भव्य स्वागत किया गया। टीम 10 मई को रायपुर में Mumbai Indians के खिलाफ मुकाबला खेलेगी। रायपुर स्थित रिसॉर्ट में टीम के पहुँचते ही पारंपरिक तिलक, आरती और लोकनृत्य के माध्यम से खिलाड़ियों का स्वागत किया गया। इस दौरान छत्तीसगढ़ की लोकसंस्कृति की रंगत और पारंपरिक संगीत ने खिलाड़ियों का ध्यान आकर्षित किया। कई खिलाड़ी लोककलाकारों के प्रदर्शन को अपने मोबाइल कैमरों में कैद करते नजर आए। इस वीडियो को आरसीबी ने अपने ऑफिसियल इंस्टा हैंडल पर शेयर किया है जिसे अब तक 50 लाख से भी ज्यादा लोग देख चुके हैं।
खिलाड़ियों को छत्तीसगढ़ की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और पारंपरिक खानपान के बारे में भी जानकारी दी गई। उन्हें प्रदेश के पारंपरिक व्यंजनों से परिचित कराया गया, जिसकी खिलाड़ियों ने सराहना की। आईपीएल मुकाबले को लेकर रायपुर में क्रिकेट प्रेमियों के बीच खासा उत्साह देखा जा रहा है। वहीं, खिलाड़ियों के पारंपरिक स्वागत ने खेल के साथ-साथ छत्तीसगढ़ की संस्कृति और मेहमाननवाज़ी की भी अलग पहचान प्रस्तुत की है।



