आईपीएल की रायपुर में 10 साल बाद आज वापसी… आरसीबी और मुंबई का शाम को मैच… आंधी-बारिश का खतरा भी है
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में 10 साल बाद आज 10 मई, रविवार को आईपीएल की वापसी हो रही है। नया रायपुर में कुछ घंटे बाद, शाम साढ़े सात बजे से शहीद वीर नारायण सिंह अंतर्राष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और मुंबई इंडियंस (MI) के बीच मुकाबला हो रहा है।
इस मैच के टिकट अब किसी भी अधिकृत प्लेटफार्म पर नहीं हैं, लेकिन लोगों के पास हैं। ख़बरें आ रही हैं कि ऑनलाइन टिकट मिनटों में सोल्ड आउट होने के बाद दलाल डेढ़ हज़ार रुपए तक महंगे दामों पर टिकट बेच रहे हैं। हालांकि पुलिस के फंदे में अब तक कोई ब्लैकमार्केटिया नहीं फंसा है और एक भी टिकट जब्त नहीं हुआ है।
छत्तीसगढ़ में पिछले दो दिन से मौसम बदला हुआ है। दोपहर 3-4 बजे से तेज हवा चलती है, फिर बदल छाते हैं और शाम को बारिश हो जाती है। रायपुर में आज के मैच में बारिश खलल डाल सकती है, जिससे खेल के प्रभावित होने की संभावना है। मैच का लाइव प्रसारण स्टार स्पोर्ट्स नेटवर्क और जियोहॉटस्टार पर शाम 7:30 बजे से होगा।



