आज की खबर

सक्ती के वेदांता प्लांट हादसे में अब तक 12 मज़दूरों की मौत, कई अब भी गंभीर… सीएम साय ने हादसे की जांच के आदेश दिए… मृतकों के परिजन को 5-5 लाख रु की मदद भिजवाई

छत्तीसगढ़ के सक्ती स्थितवेदांता पावर प्लांट के बायलर ब्लास्ट में अब तक 12 मजदूरों की मौत हो गई है। 40 से अधिक मजदूर घायल बताए जा रहे हैं तथा मौत का आंकड़ा बढ़ सकता है। इस हादसे पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए सीएम विष्णुदेव साय ने उच्चस्तरीय जांच के आदेश दिए हैं। बिलासपुर कमिश्नर हादसे की जांच करेंगे। सीएम साय ने मृतकों के परिजन को 5 – 5 लाख और घायलों को 50 – 50 हजार रुपए सहायता राशि की घोषणा भी की है।

वेदांता पॉवर प्लांट में बॉयलर की ट्यूब फटने की वजह से बड़ा धमाका हुआ। इस धमाके और आग की चपेट में 50 से ज़्यादा मज़दूरों के आने की पुष्टि हुई है। हादसे के वक्त प्लांट में बड़ी संख्या में मजदूर काम कर रहे थे। धमाका इतना जोरदार था कि कई मजदूर 80% तक झुलस गए हैं। गंभीर रूप से झुलसे मजदूरों को रायगढ़ के जिंदल अस्पताल और अन्य स्थानीय अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। सक्ती कलेक्टर और एसपी मौके पर मौजूद है और बचाव कार्य जारी है।

सीएम साय ने घटना की गंभीरता को देखते हुए कमिश्नर बिलासपुर को जांच के आदेश दे दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि इस हादसे के लिए जो भी दोषी पाए जाएंगे, उनके विरुद्ध सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने हादसे को अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक बताते हुए हादसे में अपने परिजनों को खोने वाले परिवारों के प्रति गहरी संवेदनाएं प्रकट की हैं। सीएम ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि सभी घायलों के समुचित एवं निःशुल्क उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करते हुए कहा कि इलाज में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button