खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स : कर्नाटक ने लहराया परचम… महिला फुटबॉल में छत्तीसगढ़ को गोल्ड, अब टॉप-10 में

खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स के पहले संस्करण में मेज़बान छत्तीसगढ़ तीन स्वर्ण, नौ रजत और छह कांस्य पदकों के साथ नौवें स्थान पर पहुंच गया है। कर्नाटक 23 स्वर्ण, आठ रजत और सात कांस्य पदक के साथ तालिका में शीर्ष पर है। ओडिशा 20 स्वर्ण, 13 रजत और 21 कांस्य पदकों के साथ दूसरे स्थान पर बना हुआ है, जबकि झारखंड ने एथलेटिक्स में चार और तीरंदाजी में एक स्वर्ण जीतकर अपना कुल बढ़ाकर 14 स्वर्ण, सात रजत और 11 कांस्य कर लिया है। महाराष्ट्र छह स्वर्ण, 10 रजत और चार कांस्य पदकों के साथ समग्र तालिका में चौथे स्थान पर पहुंच गया है।
किरण पिस्दा के एकमात्र गोल से छत्तीसगढ़ ने महिला फुटबॉल का स्वर्ण जीता है। छत्तीसगढ़ की महिला फुटबॉल टीम ने खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स-2026 के पहले संस्करण में अपना शानदार प्रदर्शन जारी रखते हुए फाइनल में झारखंड को 1-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया। टीम की कप्तान किरण पिस्दा की व्यक्तिगत प्रतिभा इस जीत की सबसे बड़ी वजह रही।
पहली बार आयोजित हो रहे खेलो इंडिया ट्राइबल गेम्स में 30 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों के करीब 3800 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। प्रतियोगिता में तीरंदाजी, एथलेटिक्स, फुटबॉल, हॉकी, तैराकी, भारोत्तोलन और कुश्ती जैसे सात खेल शामिल हैं, जबकि मल्लखंभ और कबड्डी प्रदर्शन खेल हैं।



