छत्तीसगढ़ विधानसभा : धान खरीदी पर भारी हंगामा… गर्भगृह पहुंचे सभी कांग्रेस विधायक सस्पेंड
छत्तीसगढ़ विधानसभा में आज गुरुवार को धान खरीदी पर जमकर हंगामा हुआ। सत्र के चौथे दिन शून्यकाल विपक्ष ने सरकार की धान खरीदी नीति को विफल करार देते हुए स्थगन प्रस्ताव ले आए। जब सभापति ने स्थगन प्रस्ताव को नामंजूर किया, तो कांग्रेस विधायकों ने जमकर नारेबाजी शुरू कर दी। नारे लगाते हुए विपक्षी विधायक गर्भगृह में प्रवेश कर गए और सदन के नियमों के अनुसार स्वतः निलंबित हो गए।
सदन में धान ख़रीदी का मुद्दा उठाते हुए नेता प्रतिपक्ष डॉ. चरणदास महंत ने कहा कि धान खरीदी के मामले में सरकारी नीतियां फेल रही हैं। प्रशासन ने पहले दिन से ही किसानों को संदिग्ध मानकर उनके साथ चोर जैसा व्यवहार किया है। इसके बाद पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने आरोप लगाया कि प्रदेश में वर्तमान में अधिकारी राज चल रहा है। टोकन मांगने पर किसानों के घरों में अधिकारियों को भेजकर उन्हें डराया जा रहा है। बघेल ने व्यक्तिगत पीड़ा भी साझा की कि उनके घर पर भी अधिकारी इसी तरीके से घुसे थे, जो अत्यंत गंभीर विषय है। इसके बाद सदन में प्रदेशभर से आए विधायकों ने किसानों की बदहाली के उदाहरण पेश किए। जिसमें जांजगीर में किसानों द्वारा प्रताड़ित होकर जहर पीने, खैरागढ़ में आत्महत्या की कोशिश और बालोद में पूरा धान न खरीदे जाने जैसी घटनाएं शामिल रहीं।
विपक्ष सदस्यों ने मांग की कि जिन किसानों का धान अब तक नहीं खरीदा गया है, उनसे दोबारा खरीदी की जाए और किसानों की कर्ज माफी पर ठोस कदम उठाए जाएं। अंततः सभापति ने बजट सत्र में आय-व्यय पर चर्चा की प्राथमिकता का हवाला देते हुए चर्चा की अनुमति नहीं दी जिसके बाद हंगामा और निलंबन हुआ।



