काम की खबर : हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट के लिए फ़ोन नंबर अपडेशन की अनिवार्यता ख़त्म… चालान और कार्रवाइयों से पहले परिवहन विभाग ने दी राहत
आम लोगों को 2019 से पहले की गाड़ियों में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट (एचएसआरपी) के लिए सबसे ज़्यादा परेशानी फ़ोन नंबर अपडेशन की अनिवार्यता की वजह से आई है। इस वजह से छत्तीसगढ़ में अब तक लगभग 12 लाख वाहनों में ही ऐसे नंबर प्लेट लगाए जा सके हैं। आम लोगों की इस दिक्कत को दूर करने के लिए परिवहन विभाग ने फ़ोन नंबर अपडेशन की अनिवार्यता ख़त्म कर दी है। अपर परिवहन आयुक्त l(DIG) डी रविशंकर ने फ़ोन नंबर अपडेशन की अनिवार्यता ख़त्म करने की पुष्टि करते हुए बताया कि अब यह वैकल्पिक होगा।
छत्तीसगढ़ में हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट लगाने की रफ्तार बेहद धीमी है। सुप्रीम कोर्ट ने इस मामले में नाराज़गी ज़ाहिर की है। छत्तीसगढ़ शासन जल्दी ही हाई सिक्योरिटी नंबर प्लेट नहीं लगे वाहनों पर सख्त कार्रवाई शुरू करने वाला है। प्रदेश में एचएसआरपी नंबर प्लेट लगाने की रफ़्तार क्यों धीमी है, परिवहन सचिव एस प्रकाश और अपर आयुक्त डी रविशंकर ने इसकी समीक्षा करवाई, तब यह बात सामने आई कि फ़ोन नंबर अपडेशन के कारण बहुत समस्या आ रही। इसलिए परिवहन विभाग ने इस अनिवार्यता को समाप्त करके इसे वैकल्पिक कर दिया है।



