रायपुर से अभनपुर होकर कुरुद तक मेमू ट्रेन अप्रैल में… अभनपुर-कुरुद नई लाइन पर ट्रायल ट्रेन 110 की स्पीड से दौड़ी
रायपुर से मंदिरहसौद होकर केंद्री तक अभी मेमू ट्रेन चल रही है, जिसे अप्रैल में कुरुद तक चलाने का सिस्टम तैयार कर लिया गया है। रेलवे ने अभनपुर से कुरुद के बीच 22 किमी नई लाइन बिछा ली है। इसे नया रायपुर में केंद्री से जोड़ा जाएगा और सिस्टम बन जाएगा। बुधवार को दोपहर 3 बजे कुरुद-अभनपुर लाइन पर ट्रेन को दौड़ाने का ट्रायल किया गया जो शाम 6 बजे तक चला। यह ट्रायल रेललाइन की गुणवत्ता के हिसाब से कामयाब रहा और लगभग पूरी लाइन पर ट्रेन 110 किमी की रफ्तार से दौड़ गई। इसीलिए अभनपुर से कुरुद के बीच भी ब्राड गेज ट्रेन चलाने का रास्ता साफ हो गया। माना जा रहा है कि यहां ट्रेन को झंडी दिखाने के लिए पीएम मोदी छत्तीसगढ़ आ सकते हैं।
बता दें कि रायपुर-धमतरी छोटी लाइन बंद करने के बाद रेलवे ने रायपुर से नया रायपुर होकर धमतरी तक ब्राड गेज लाइन पर ट्रेन चलाने के प्रोजेक्ट पर काम शुरू किया था, जो अब काफी हद तक पूरा होने की दिशा में बढ़ गया है। करीब छह माह पहले रायपुर से नया रायपुर होकर केंद्री तक मेमू ट्रेनें शुरू की गई थीं, जो अब भी चल रही हैं। हाल में अभनपुर के कुरुद के बीच 22 किमी लाइन का निर्माण पूरा कर लिया गया। इसी लाइन के ट्रायल के लिए आज बुधवार को रेलवे ने ट्रायल रखा। इसके लिए ट्रैक के दोनों ओर से मवेशी हटाए गए और लोगों को आसपास नहीं रहने की चेतावनी दी गई। फिर स्पेशल ट्रेन को पटरी पर उतारकर संचालन शुरू किया गया। ट्रायल सफल होने के बाद रेलवे अब इस ट्रैक पर अप्रैल से रेगुलर ट्रेन शुरू करने की तैयारी है।



