आज की खबर
भोपाल से कुछ देर पहले रायपुर आए इंडिगो के विमान की हार्ड लैंडिंग… यात्रियों को जोरदार झटका महसूस हुआ पर सब सुरक्षित… विमान जांच के लिए रोका, भोपाल वापसी कैंसिल
भोपाल से आज शनिवार को शाम 4.40 बजे रायपुर आए इंडिगो विमान की हार्डलेडिंग करवाई गई है। पायलट ने विमान की लैंडिंग की कोशिश की लेकिन पहली बार में विमान लैंड नहीं हो पाया। हवा में चक्कर लगाने के बाद विमान फिर लौटा और दूसरी बार में हार्ड लैंडिंग हुई। लैंड करते समय यात्रियों को ज़ोरदार झटका महसूस हुआ, लेकिन विमान और यात्री सुरक्षित पार्किंग स्थल तक पहुँच गए। हार्ड लैंडिंग की वजह से विमान रायपुर में ही रोक लिया गया है। आज विमान की भोपाल वापसी रद्द करने की घोषणा कर दी गई है और एयरपोर्ट पर पहुँच चुके यात्रियों को सूचित कर दिया गया है। सूत्रों के मुताबिक़ हार्ड लैंडिंग की वजह से पूरे विमान की जांच की जा रही है कि ऐसा क्यों करना पड़ा और विमान को और नुक़सान हुआ या नहीं। इस बारे में अभी कोई अधिकृत बयान नहीं आया है।
विमान की हार्ड लैंडिंग सरल शब्दों में
विमान की “हार्ड लैंडिंग” (Hard Landing) का हिंदी में अर्थ झटकेदार लैंडिंग है। यह एक ऐसी लैंडिंग है, जिसमें प्लेन सामान्य से अधिक ऊर्ध्वाधर गति (Vertical Speed) या दबाव के साथ जमीन पर उतरता है, जिससे विमान को नुकसान पहुंचने या लैंडिंग गियर टूटने का खतरा रहता है। जब विमान की उतरने की गति, निर्माता द्वारा निर्धारित सीमा (Vertical Speed/G-loading) को पार कर जाती है, तो उसे हार्ड लैंडिंग कहते हैं। तेज हवाएं, खराब मौसम (कोहरा/बारिश), रनवे पर खराब विजिबिलिटी या कोई तकनीकी फाल्ट इसकी वजह बनते हैं। इससे विमान को संरचनात्मक नुकसान हो सकता है। ऐसे मामले में विमान का विस्तृत निरीक्षण (Inspection) आवश्यक होता है। हार्ड लैंडिंग में यात्रियों को बहुत तेज झटका महसूस होता है, जो सामान्य लैंडिंग से काफी अलग होता है।



