भाजपा विधायक ने राजिम कुंभ में अव्यवस्था का आरोप लगाकर फैलाई सनसनी… कलाकार भूखे थे तो भोजन करवाने ख़ुद ले गए
राजिम कुंभ में अफसरों की वजह से बदइंतजामी की चर्चाओं को आज उस समय बल मिल गया, जब भाजपा विधायक रोहित साहू ने प्रशासनिक अव्यवस्थाओं की बात कहकर सनसनी फैला दी। उन्होंने व्यवस्था पर गंभीर सवाल उठाते हुए कड़ी नाराज़गी ज़ाहिर की। यही नहीं, जब शिकायत की गई कि राजिम मेले में मंच पर प्रस्तुति देने वाले कलाकार भूखे हैं, तो उन्होंने अधिकारियों और इवेंट कंपनी को जमकर फटकार लगाई और खुद कलाकारों को निजी रेस्टोरेंट ले जाकर भोजन कराया।
इससे पहले, कुंभ में शामिल होने आए दशनाम जूना अखाड़े के संतों ने बदहाली का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि भंडार में राशन (दाल, अनाज) की कमी है और प्रशासन उन्हें “बोझ” समझ रहा है। इसके अलावा, राजपत्र (Gazette) से संतों के नाम हटाए जाने को अपना अपमान बताते हुए संत समाज ने मेले के बहिष्कार का ऐलान भी किया है।
इधर, कांग्रेस के पूर्व विधायक अमितेश शुक्ल ने मेले के टेंडरों में गड़बड़ी का आरोप लगाया है। उनका कहना है कि 6 करोड़ के टेंडर बहुत ही कम समय (मात्र 4 दिन) में निपटाए जा रहे हैं। इससे भ्रष्टाचार की आशंका हो रही है।



