प्रकाश स्तंभ
शराब स्कैम : कांग्रेस विधायक कवासी लखमा 379 दिन बाद जेल से छूटे… छत्तीसगढ़ में रहना मना, बाहर जाना होगा
छत्तीसगढ़ में कोंटा विधानसभा से कांग्रेस विधायक और पूर्व आबकारी मंत्री कवासी लखमा को सुप्रीम कोर्ट ने शराब स्कैम में मंगलवार को अंतरिम जमानत दे दी। इसके बाद कवासी लखमा आज बुधवार, 4 फरवरी को शाम करीब 5 बजे जेल से बाहर आए। वे 15 जनवरी 2025 से यानी 379 दिन से रायपुर जेल में बंद थे।
सुप्रीम कोर्ट ने 3 फरवरी को उन्हें दो अलग-अलग मामलों (ED और राज्य पुलिस/EOW द्वारा दर्ज) में अंतरिम जमानत दी है। कोर्ट ने शर्त रखी है कि वे छत्तीसगढ़ राज्य से बाहर रहेंगे और केवल कोर्ट की सुनवाई या विधानसभा सत्र में शामिल होने के लिए ही राज्य में प्रवेश कर सकेंगे। लखमा को अपना पासपोर्ट सरेंडर करना होगा, गवाहों को प्रभावित नहीं करना होगा और अपनी लोकेशन जांच एजेंसियों के साथ साझा करनी होगी। बता दें कि प्रवर्तन निदेशालय (ED) का आरोप है कि 2019-2022 के बीच हुए शराब घोटाले में आबकारी मंत्री रहते हुए कवासी लखमा को लगभग 70 करोड़ रुपये का कमीशन मिला था।



