आज की खबर

उत्तरप्रदेश में एसआईआर तूफ़ान… 2 करोड़ 89 लाख नाम ड्राफ्ट लिस्ट से कटे… साढ़े 15 करोड़ में से 12.55 करोड़ बचे

निर्वाचन आयोग (ECI) ने तीसरी बार टाले जाने के बाद एसआईआर (SIR) के तहत आज मंगलवार को उत्तर प्रदेश की ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी कर दी है। यह ड्राफ्ट सूची पहले 31 दिसंबर को प्रकाशित की जानी थी, लेकिन अब संशोधित कार्यक्रम के अनुसार इसे आज आयोग की वेबसाइट पर पब्लिश किया गया है। इस सूची से यूपी में राजनैतिक तूफ़ान के आसार हैं क्योंकि रिवीजन के बाद यूपी में वोटर लिस्ट से 2.89 करोड़ नाम कटने जा रहे हैं। यूपी की वोटर लिस्ट में करीब साढ़े 15 करोड़ नाम थे। एसआईआर में कटने के बाद ड्राफ्ट लिस्ट में 12.55 करोड़ नाम ही बचे हैं।

उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने बताया कि दावे और आपत्तियां दर्ज कराने की अवधि 6 जनवरी से 6 फरवरी 2026 तक तय की गई है। वहीं, 6 जनवरी से 27 फरवरी 2026 तक नोटिस अवधि के दौरान प्राप्त सभी दावों और आपत्तियों का निराकरण किया जाएगा। मतदाता सूची पुनरीक्षण से जुड़े सभी गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) प्राप्त कर लिए गए हैं और उनका डिजिटलीकरण भी पूरा कर लिया गया है। संशोधित समय-सारिणी के अनुसार ड्राफ्ट मतदाता सूची जारी होने के बाद नागरिकों को एक महीने का समय मिलेगा, जिसमें वे नाम जोड़ने, संशोधन कराने या आपत्ति दर्ज कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। निर्वाचन आयोग के अनुसार, उत्तर प्रदेश की अंतिम मतदाता सूची 6 मार्च 2026 को प्रकाशित की जाएगी। आयोग ने मतदाताओं से अपील की है कि वे ड्राफ्ट सूची में अपना नाम जरूर जांचें और किसी भी तरह की त्रुटि या नाम छूटने की स्थिति में तय समयसीमा के भीतर दावा या आपत्ति दर्ज कराएं।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button