क्रांति सेना प्रमुख अमित बघेल की तलाश… राजधानी में पुलिस के रातभर छापे… दोस्तों-रिश्तेदारों के घर पहुंची पुलिस

अपनी विवादित टिप्पणियों से चर्चा में आए क्रांति सेना के अमित बघेल की राजधानी पुलिस ने तलाश तेज कर दी है। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात पुलिस ने अमित बघेल के दोस्तों और रिश्तेदारों के यहाँ राजधानी में ताबड़तोड़ छापेमारी की है। द स्तम्भ को सद्दू में शिवेंद्र वर्मा और धरम नगर टिकरापारा में अजय यादव के यहाँ पुलिस की जांच की पुख्ता सूचना है और तस्वीरें भी आई हैं। मिली जानकारी के अनुसार रात 11 बजे से तड़के चार बजे के बीच अमित बघेल के मिलने की संभावना पर आधा दर्जन घरों को पुलिस ने कवर किया है लेकिन फिलहाल सफलता नहीं मिली है। बता दें कि छत्तीसगढ़ महतारी की प्रतिमा तोड़े जाने के बाद छत्तीसगढ़ क्रांति सेना के प्रमुख अमित बघेल ने अग्रवाल समाज और सिंधी समाज को लेकर विवादित टिप्पणी की थी। इन टिप्पणियों का छत्तीसगढ़ ही नहीं बल्कि अन्य राज्यों में भी विरोध हुआ। रायपुर में इसी मामले में एफआईआर के बाद अमित बघेल की खोजबीन पुलिस ने शुरू की थी जो अब छापों में तब्दील हो चुकी है।



