आज की खबर

रायपुर की इस्पात गोदावरी फैक्ट्री में भीषण हादसा… 6 श्रमिकों की मौके पर मौत, शव निकाले गए… सीएम साय ने जताया गहरा दुख

रायपुर के औद्योगिक क्षेत्र सिलतरा में इस्पात गोदावरी की निर्माणाधीन फैक्ट्री में भरी मशीन और छत का मलबा गिरने से उसमे दबकर 6 मजदूरों की मौके पर ही मृत्यु हो गई है और छह बुरी तरह घायल हो गए हैं। हादसा दोपहर करीब ढाई बजे हुआ है। रात 8 बजे घटनास्थल से एसएसपी डॉ लाल उमेद सिंह ने द स्तम्भ को बताया कि रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा हो गया है। मलबे से 6 शव निकाले गए हैं। इसके अलावा 6 घायल श्रमिकों को भी निकाल लिया गया है और रायपुर के प्राइवेट हॉस्पिटल में भर्ती किया गया है। इनमे से 4 की हालत नाजुक बनी हुई है। सीएम विष्णुदेव साय ने फैक्ट्री हादसे में मजदूरों की मौत पर गहरा दुख जताया और जिला प्रशासन को समुचित मदद के निर्देश दिए हैं।

पुलिस ने इस मामले में फैक्ट्री प्रबंधन और ठेकेदार के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी शुरू कर दी है। रेस्क्यू ऑपरेशन करीब आठ घंटे चला है। इस हादसे में किन्हें आरोपी बनाया गया है, अभी इसकी जानकारी नहीं मिली है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। भारी मशीन और छत का टुकड़ा गिरने के अलावा यह बात भी आई है कि पिघला हुआ मटेरियल भी मज़दूरों पर गिरा है, जिससे वे झुलस गए हैं। मौके पर पुलिस तथा औद्योगिक हादसों की जाँच करनेवाली एजेंसियां मौजूद हैं तथा कारणों की पड़ताल की जा रही है।

इधर, सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि सिलतरा स्थित फैक्ट्री में दर्दनाक हादसे में 6 श्रमिकों की मृत्यु की  सूचना मिलते ही जिला प्रशासन की टीम राहत और बचाव कार्य में जुट गई है। प्रशासन को घायलों के इलाज की बेहतर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्यमंत्री ने इस दुर्घटना पर गहरा शोक व्यक्त करते हुए कहा कि यह अत्यंत दुःखद और पीड़ादायक घटना है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की और ईश्वर से दिवंगत आत्माओं की शांति एवं शोक संतप्त परिजनों को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button