Flying Car बिना पंखों के उड़ी… स्पीड आसमान में 150, रोड पर 80 किमी/घंटा… एयरपोर्ट पर प्रोटोटाइप का सफल परीक्षण

अब बिना पंखों (विंग्स) वाली फ्लाइंग कार का प्रोटोटाइप तैयार कर लिया गया है, जिसने 21 नवंबर को चीन के चांगशा काईहुई जनरल एयरपोर्ट पर अपनी पहली सफल परीक्षण उड़ान और सुरक्षित लैंडिंग पूरी की है। इस कार में पारंपरिक पंख या बाहर निकले हुए प्रोपेलर ब्लेड नहीं हैं। उड़ने के लिए इसमें ‘मल्टी-स्टेज थ्रस्ट-वेक्टरिंग डक्टेड फैन’ (Multi-stage thrust-vectoring ducted fan) सिस्टम लगा है। इसके सभी प्रोपल्शन यूनिट्स कार की बॉडी के अंदर ढके हुए हैं। हवा में इसकी अधिकतम स्पीड 150 किमी/घंटा और जमीन पर अधिकतम रफ्तार 80 किमी/घंटा है। यह एक बार में 300 किलोमीटर तक की दूरी तय कर सकती है और अधिकतम 3,000 मीटर (3 किमी) की ऊंचाई तक उड़ सकती है।
फिलहाल टेस्ट किया गया मॉडल एक तीन पहियों वाला सिंगल-सीटर (एक व्यक्ति के बैठने लायक) प्रोटोटाइप है। इसका अधिकतम टेक-ऑफ वज़न 280 किलोग्राम है और यह 120 किलोग्राम तक का भार उठा सकता है। चीन के इस प्रोजेक्ट से जुड़े अधिकारियों के मुताबिक भविष्य में 2-4, 6-8 और 12-15 यात्रियों के बैठने की क्षमता वाले बड़े मॉडल्स तैयार करने की योजना है। इसके लिए 5.5 टन टेक-ऑफ वज़न और 2 टन पेलोड क्षमता वाले मॉडल का तकनीकी डिज़ाइन भी पूरा हो चुका है। इसका इस्तेमाल भविष्य में पहाड़ी इलाकों में इमरजेंसी सामान पहुंचाने, मेडिकल सेवाओं, आग बुझाने, पुलिस पेट्रोलिंग, हवाई सर्वे और समुद्र के ऊपर ट्रांसपोर्ट के लिए किया जा सकेगा।



