आज की खबर

रायपुर के योगेश अग्रवाल को दिल्ली में “महाराजा अग्रसेन आइकॉन अवार्ड”… भव्य महानाट्य बनाने तथा समाज-उद्योग जगत में सक्रियता के लिए सम्मानित

छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के सामाजिक नेतृत्वकर्ता, उद्योग जगत में सक्रिय भूमिका और सांस्कृतिक व्यक्तित्व योगेश अग्रवाल को दिल्ली में प्रतिष्ठित ‘महाराजा अग्रसेन ग्लोबल आइकॉन अवार्ड’ के अंतर्गत ‘अग्र गौरव अवार्ड’ से सम्मानित किया गया है। नई दिल्ली में 14 नवंबर को डॉ. आंबेडकर इंटरनेशनल कन्वेंशन सेंटर में अखिल भारतीय अग्रवाल संगठन के इस समारोह में दिल्ली की सीएम रेखा गुप्ता, हरियाणा के कैबिनेट मंत्री विपुल गोयल और गीता मनीषी स्वामी ज्ञानानंद, राष्ट्रीय अग्रवाल संगठन के प्रणेता प्रदीप मित्तल सहित देशभर से आए अग्रवाल समाज के प्रतिनिधि एवं सदस्य शामिल हुए। योगेश को यह सम्मान समाजसेवा, सांस्कृतिक गतिविधियों एवं विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान के लिए दिया गया है।

योगेश अग्रवाल ने महाराजा अग्रसेन जी के जीवन, आदर्शों और समाज के प्रति उनके योगदान को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भव्य महानाट्य का निर्माण किया गया है। इस महानाट्य का मंचन अब तक भारत के विभिन्न राज्यों के 40 से अधिक शहरों में हो चुका है। इसके अलावा समाजसेवा और संगठनात्मक नेतृत्व के क्षेत्र में भी उनका लंबा और उल्लेखनीय कार्यकाल रहा है। वे लगातार 19 वर्षों तक छत्तीसगढ़ प्रदेश राइस मिल एसोसिएशन के अध्यक्ष रहे। वर्तमान में वे फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया राइस मिल एसोसिएशन के वरिष्ठ उपाध्यक्ष के रूप में राष्ट्रीय स्तर पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं। राइस मिल उद्योग से जुड़े लोगों की समस्याओं के समाधान, उनके हितों की रक्षा तथा उद्योग के विकास के लिए उन्होंने निरंतर सक्रिय भूमिका निभाई है।

योगेश अग्रवाल समाज सहित अनेक सामाजिक एवं सांस्कृतिक संस्थाओं में महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते रहे हैं। वर्तमान में भी विभिन्न संगठनों के माध्यम से समाजसेवा, सामाजिक एकता, सांस्कृतिक संरक्षण एवं जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय हैं। विभिन्न सामाजिक संस्थाओं में सक्रिय सहभागिता, लंबे समय तक संगठनात्मक नेतृत्व, उद्योग जगत में योगदान तथा महाराजा अग्रसेन जी के विचारों को महानाट्य के माध्यम से देशभर में प्रचारित-प्रसारित करने के उनके प्रयासों को देखते हुए उनका चयन इस प्रतिष्ठित सम्मान के लिए किया गया।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button