प्रदेश भाजपाध्यक्ष किरण देव पूरी तरह स्वस्थ होकर दो माह बाद रायपुर लौटे… सीएम साय ने उनके घर जाकर कुशलक्षेम पूछा… आधा घंटा विचार-विमर्श

छत्तीसगढ़ भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव करीब दो महीने पहले सड़क हादसे में घायल होने के बाद इलाज करवाकर रायपुर लौट आए हैं। उनकी वापसी के बाद सीएम विष्णुदेव साय ने किरण देव के घर जाकर उनका हालचाल पूछा। दोनों के बीच संगठनात्मक विषयों पर करीब आधा घंटे विचार-विमर्श की खबर है।
भाजपा प्रदेश अध्यक्ष किरण देव का हादसे में गंभीर रूप से घायल होने के बाद गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल (दिल्ली-एनसीआर) में लंबा इलाज चला। करीबी लोगों के अनुसार वे पूरी तरह स्वस्थ होने के बाद बुधवार रात 8 बजे रायपुर लौटे। एयरपोर्ट पर भाजपा कार्यकर्ताओं और संगठन के नेताओं ने उनका भव्य स्वागत किया।
उनके रायपुर लौटने पर सीएम विष्णुदेव साय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर कल ही पोस्ट कर उनका स्वागत किया और उनके उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। इसके बाद आज दोपहर करीब ढाई बजे सीएम साय ने उनसे घर जाकर सौजन्य मुलाकात की और कुशलक्षेम जाना। सीएम ने भरोसा जताया कि प्रदेश संगठन को अब फिर से किरण सिंह देव का कुशल मार्गदर्शन मिलेगा, जिससे राज्य भाजपा की राजनीतिक गतिविधियों में तेजी आएगी।



