छत्तीसगढ़

जशपुर पुलिस ने बनाया अनूठा “हेलमेट बैंक”… जरूरत पर ले जाओ, फिर लौटा दो पुलिस को… सीएम साय ने जमकर तारीफ़ की… SSP डॉ लाल उमेद का कॉन्सेप्ट

छत्तीसगढ़ के जशपुर जिले में सड़क सुरक्षा को लेकर एक बेहद अनूठी पहल की गई है। जशपुर एसएसपी डॉ लालउमेद सिंह ने इस मुहिम के तहत ‘हेलमेट बैंक’  बनाया है।  मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने जशपुर पुलिस लाइन में इस अनूठी योजना की शुरुआत की। जशपुर पुलिस लाइन में स्थापित इस बैंक में शुरुआती तौर पर 1,000 हेलमेट उपलब्ध कराए गए हैं। यदि कोई दोपहिया वाहन चालक किसी जरूरी काम से अचानक बिना हेलमेट के बाहर निकलता है या आर्थिक तंगी के कारण हेलमेट नहीं खरीद पा रहा है, तो पुलिस उसे अस्थायी तौर पर हेलमेट उपलब्ध कराएगी। नागरिक अपना काम पूरा करने के बाद इस हेलमेट को वापस बैंक में जमा करेंगे।

सीएम विष्णु देव साय ने इस अनोखी पहल की जमकर सराहना की और कहा कि सड़क सुरक्षा केवल एक कानूनी बाध्यता नहीं, बल्कि स्वयं और अपने परिवार की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है। उन्होंने यह भी रेखांकित किया कि दोपहिया वाहनों के हादसों में सबसे ज्यादा मौतें सिर पर गंभीर चोट लगने से होती हैं, जिसे हेलमेट पहनकर काफी हद तक रोका जा सकता है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य ही सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोकना और नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जागरूकता बढ़ाना है।

जशपुर पुलिस ने इसके साथ ही पूरे जिले के सैकड़ों गांवों में जन चौपाल और हेलमेट जागरूकता रैलियां निकाली हैं। पूर्व में जशपुर पुलिस के व्यापक अभियान को गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में भी दर्ज किया जा चुका है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button