छत्तीसगढ़ के सीनियर आईएएस डॉ रोहित यादव और डॉ कमलप्रीत सिंह प्रमुख सचिव प्रमोट… फिलहाल मौजूदा विभाग ही देखेंगे
छत्तीसगढ़ सरकार ने आज 19 नवंबर को 2002 बैच के आईएएस अधिकारी डॉ. रोहित यादव और डॉ. कमलप्रीत सिंह को सचिव से प्रमोट कर प्रमुख सचिव (Principal Secretary) बनाया है। डॉ यादव और डॉ कमलप्रीत छत्तीसगढ़ में पूर्व में कई अहम पदों पर रह चुके हैं।
प्रमोट होने के बाद डॉ यादव वित्त विभाग के प्रमुख सचिव होंगे। साथ ही वे जनसंपर्क विभाग के प्रमुख सचिव और पेंशन निराकरण समिति के अध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार भी संभालते रहेंगे। इसी तरह डॉ. कमलप्रीत सिंह को भी सचिव से पदोन्नत कर स्कूल शिक्षा विभाग में ही प्रमुख सचिव पदस्थ रखा गया है।
डॉ रोहित यादव की पहचान एक तेज-तर्रार और परिणाम-उन्मुख अधिकारी के रूप में होती है, जिन्हें नीति निर्माण और जमीनी क्रियान्वयन दोनों का गहरा अनुभव है। शुरुआती दौर में उन्होंने रायपुर, सरगुजा, दंतेवाड़ा और राजनांदगांव जैसे महत्वपूर्ण जिलों के कलेक्टर के रूप में अपनी सेवाएं दीं। उन्होंने लंबे समय तक नगरीय प्रशासन विभाग, ऊर्जा विभाग, जनसंपर्क विभाग, पर्यटन एवं संस्कृति विभाग और वित्त विभाग के सचिव जैसे अहम पदों की जिम्मेदारी संभाली है। 2017 में वे केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर दिल्ली गए और इस्पात मंत्रालय में संयुक्त सचिव रहे। वर्ष 2020 में उन्हें प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) में संयुक्त सचिव नियुक्त किया गया।




