छत्तीसगढ़ की विधायक गोमती साय गुजरात भाजपा, सौरभ सिंह झारखंड भाजपा के सह प्रभारी… सीएम साय ने प्रदेश प्रभारी स्मृति ईरानी तथा सबको दी बधाई
भारतीय जनता पार्टी आलाकमान ने छत्तीसगढ़ के पार्टी नेताओं को एक बार फिर बड़े मौके दिए हैं। पार्टी ने पत्थलगांव विधायक गोमती साय को गुजरात प्रदेश भाजपा का सह प्रभारी नियुक्त किया है। इसी तरह, खनिज विकास निगम के अध्यक्ष सौरभ सिंह को झारखंड भाजपा का सह प्रभारी बनाया है। स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ भाजपा प्रभारी तथा सिद्धार्थ शंभु को सह प्रभारी बनाने की सूचना पहले ही जारी हो चुकी है। सीएम विष्णु देव साय ने राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन द्वारा पूर्व केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी को छत्तीसगढ़ भाजपा का प्रदेश प्रभारी नियुक्त किए जाने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
सीएम साय ने सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट किया कि स्मृति ईरानी का दीर्घ राष्ट्रीय अनुभव, राष्ट्रसेवा तथा संगठन के प्रति समर्पण निश्चित रूप से छत्तीसगढ़ में संगठन और जनसेवा के संकल्प को और अधिक सशक्त बनाएगा। उन्होंने सिद्धार्थ शम्भू को छत्तीसगढ़ भाजपा का सह-प्रभारी बनाए जाने पर भी बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया कि उनकी सक्रिय सहभागिता से प्रदेश में संगठनात्मक कार्यों को और गति मिलेगी। सीएम साय ने विधायक साय को गुजरात भाजपा का सह-प्रभारी तथा छत्तीसगढ़ खनिज विकास निगम के अध्यक्ष एवं पूर्व विधायक सौरभ सिंह को झारखंड भाजपा का सह-प्रभारी बनाए जाने पर भी हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ के नेताओं को राष्ट्रीय स्तर पर संगठनात्मक जिम्मेदारियां मिलना प्रदेश के लिए प्रसन्नता और गौरव का विषय है। मुख्यमंत्री ने विभिन्न राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में नवनियुक्त सभी प्रदेश प्रभारियों एवं सह-प्रभारियों को भी हार्दिक बधाई एवं सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं दी हैं।



