बारिश दो दिन बाद रुकी पर रायपुर में खारून नदी खतरे के निशान पर… महादेवघाट पुल डूबा, आवागमन रोका गया
राजधानी रायपुर में लगभग 36 घंटे तक लगातार हुई बारिश शनिवार को सुबह थमी है, लेकिन भारी बारिश का असर बरकरार है। लगातार भारी बारिश के कारण खारून नदी उफान पर है और राजधानी रायपुर को अम्लेश्वर (दुर्ग) से जोड़ने वाला महादेव घाट का मुख्य पुल (small bridge) पूरी तरह डूब गया है। नदी का पानी पुल के 3-4 फीट ऊपर से बह रहा है। प्रशासन ने इस मार्ग और पुल पर आवागमन को पूरी तरह बंद कर दिया है। उधर, गंगरेल बांध के सभी गेट खोल दिए गए हैं, जिससे बाढ का खतरा और बढ़ा है।
गंगरेल बांध से ही संबंधित होने के कारण खारून नदी का जलस्तर खतरे के निशान के करीब पहुंच गया है। इस वजह से प्रसिद्ध लक्ष्मण झूला और घाट की निचली सीढ़ियां पूरी तरह पानी में समा चुकी हैं।नदी के रौद्र रूप के कारण तटीय बस्तियों और निचले इलाकों में बाढ़ का पानी घुस रहा है। लोग अपने घरों से सामान छोड़कर सुरक्षित स्थानों की ओर जाने को मजबूर हैं।स्थिति की गंभीरता को देखते हुए प्रशासन ने अलर्ट जारी किया है और लोगों को नदी किनारे न जाने की सख्त हिदायत दी गई है। पुल तथा नदी के तट पर उन सभी जगह पुलिस को तैनात किया गया है, जहां लोगों का आना-जाना है।



