दर्दनाक सड़क हादसा, कवर्धा की डीजे धुमाल पार्टी के 6 लोगों की मौत… बारिश में बिगड़ी गाड़ी को ट्रक की भीषण टक्कर, 7 गंभीर
छत्तीसगढ़ के बालोद में नेशनल हाईवे-30 (NH-30) पर स्थित मरकाटोला घाट के पास शुक्रवार को सुबह दर्दनाक सड़क हादसे में धुमाल/डीजे पार्टी के 6 सदस्यों की मौत हो गई और 7 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। यह भीषण दुर्घटना सुबह करीब 11:30 बजे भारी बारिश के बीच हुई। हादसे में मृत सभी 6 युवक कवर्धा की ‘श्री कृष्ण धुमाल पार्टी’ (साउंड सिस्टम समूह) के सदस्य थे और जगदलपुर में गणेश विसर्जन कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे थे। सीएम विष्णुदेव साय ने हादसे में मारे गए लोगों के प्रति गहरा शोक जताया है।
पुलिस ने बताया कि कवर्धा से जगदलपुर की ओर जा रही धुमाल पार्टी की पिकअप/डीजे गाड़ी मरकाटोला घाट के पास अचानक खराब हो गई थी। गाड़ी को सड़क किनारे खड़ा करके उसे सुधारने का प्रयास किया जा रहा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे गेहूं से लदे एक तेज रफ्तार 16 पहिया ट्रक ने खड़ी पिकअप को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक पिकअप को करीब 50 मीटर तक घसीटता हुआ ले गया और कुछ दूरी पर जाकर पलट गया। कुछ मृतकों के शव इसी ट्रक के नीचे दबे हुए मिले।
इस हादसे में 2 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 4 अन्य ने अस्पताल ले जाते समय रास्ते में दम तोड़ दिया. सभी मृतक कवर्धा के रहने वाले थे। सूचना मिलते ही पुरूर थाना पुलिस और डीएसपी माया शर्मा टीम के साथ मौके पर पहुंचे। स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पिकअप से बाहर निकाला गया। हादसे में सभी 7 गंभीर रूप से घायलों को इलाज के लिए जिला अस्पताल धमतरी में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है। हादसे के बाद ट्रक चालक मौके से फरार हो गया, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
सीएम विष्णुदेव साय ने इस हृदयविदारक घटना पर छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णु देव साय ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं और घायलों के जल्द स्वस्थ होने की कामना की है।



