छत्तीसगढ़ : गर्ल्स हॉस्टल में आधी रात दीवार गिराकर घुसे जंगली हाथी… पके कटहल की ख़ुशबू का पीछा करते पहुंचे… हॉस्टल से 58 छात्राओं का रेस्क्यू, सब सेफ
छत्तीसगढ़ के मरवाही इलाके में आधी रात एक गर्ल्स हॉस्टल में तीन जंगली हाथियों के घुसने से हड़कंप मच गया। जंगली हाथियों की मौजूदगी से पूरा हॉस्टल सहम गया। खबर मिलने के बाद फारेस्ट और पुलिस टीमें चुपचाप हॉस्टल में घुसीं। वहाँ 58 छात्राएं थीं, जिन्हें दबे पांव सुरक्षित निकाल लिया गया, तब सबकी जान में जान आई। पके हुए कटहल की ख़ुशबू का पीछा करते हुए मतवाले हाथी हॉस्टल बाउंड्री को पाँच जगह से तोड़कर घुसे थे। हाथियों ने गार्ड रूम को सबसे पहले धराशायी किया, गनीमत कि उसमे गार्ड नहीं था।
बताया जा रहा है कि हॉस्टल परिसर में लगे पेड़ों पर पके कटहल की महक के कारण हाथी दीवार तोड़कर अंदर दाखिल हुए थे। हाथियों ने छात्रावास की बाउंड्रीवाल को करीब 5 अलग-अलग स्थानों से तोड़ दिया, फिर सुरक्षा गार्ड के कमरे के दरवाजे और खिड़कियों को भी काफी नुकसान पहुंचाया। परिसर में हाथियों के घुसते ही वन विभाग, पुलिस और जिला प्रशासन की टीमें तुरंत मौके पर पहुंचीं। रात के अंधेरे में ही सभी 58 छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकालकर दूसरे सुरक्षित हॉस्टल में पहुँचाया गया।राहत की बात यह रही कि इस पूरी घटना में किसी भी छात्रा या कर्मचारी को चोट नहीं आई और सभी पूरी तरह सुरक्षित हैं।
इस घटना के बाद आज सुबह ही छात्रावास परिसर से सभी पके हुए कटहल हटवा दिए। इसके साथ ही हाथियों को परिसर में दोबारा घुसने से रोकने के लिए बाउंड्री के चारों ओर 5 फीट गहरा सुरक्षा गड्ढा (Trench) खोदने के निर्देश दिए गए हैं।



