नदी में बहे पूर्व सरपंच और पत्नी का 24 घंटे बाद भी पता नहीं… हैरत यह कि उनकी कार भी ऐसी बही, अब तक नहीं दिखी
छत्तीसगढ़ के सारंगढ़-बिलाईगढ़ जिले में रविवार शाम, 26 जुलाई को भारी बारिश के बाद उफनती नदी को पार करते समय कार बहने से लापता हुए पूर्व सरपंच देवनारायण पटेल और उनकी पत्नी सविता पटेल का 24 घंटे बाद भी पता नहीं चला है। यहां तक कि कार भी एक-डेढ़ किमी दूर तक नहीं मिली है।

रेस्क्यू ऑपरेशन रविवार शाम से चल रहा है। पानी का बहाव बेहद तेज होने और रात में गहरा अंधेरा हो जाने के कारण रेस्क्यू टीम को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा है। आज सोमवार 27 जुलाई सुबह से ग्रामीणों की मदद से दोबारा सर्च ऑपरेशन तेज किया गया है। एसडीआरएफ (SDRF), स्थानीय पुलिस और ग्रामीण आज सोमवार शाम तक लगातार नदी और नाले के बहाव वाले क्षेत्रों में खोजबीन कर रहे हैं। सिटी कोतवाली थाना प्रभारी के मुताबिक, जब तक पानी का स्तर थोड़ा कम नहीं होता या रेस्क्यू ऑपरेशन पूरा नहीं हो जाता, तब तक स्थिति स्पष्ट नहीं हो पाएगी। लेकिन आज शाम तक पूर्व सरपंच, उनकी पत्नी या कार का कोई सुराग नहीं मिल पाया है।



