ग्रामीण पीएम आवास के लिए जिलों को 27 सौ करोड़ रुपए जारी… जो मकान रुके हैं, अब उनके लिए मिल जाएगी किश्त
छत्तीसगढ़ शासन ने प्रधानमंत्री आवास योजना-ग्रामीण (PMAY-G) के अंतर्गत राज्य के सभी जिलों को 2677.15 करोड़ रुपए जारी कर दिए हैं। यह राशि केंद्रीय एवं राज्यांश को जोड़कर जारी की गई है। सीएम विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य में प्रतिदिन 1600 से अधिक पक्के आवासों का निर्माण किया जा रहा है। विगत ढाई वर्षों में 10.60 लाख से अधिक आवास पूर्ण कराए जा चुके हैं। वित्तीय वर्ष 2025-26 में ही 6 लाख से अधिक आवासों का निर्माण कर छत्तीसगढ़ देश के अग्रणी राज्यों में शामिल रहा है।
सीएम साय ने कहा कि योजना के क्रियान्वयन में महिला स्व-सहायता समूहों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण रही है। प्रदेश में 10 हजार से अधिक महिला स्व-सहायता समूहों की दीदियां निर्माण सामग्री आपूर्ति कार्य से जुड़कर आर्थिक रूप से सशक्त हुई हैं और “लखपति दीदी” बनने की दिशा में आगे बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि यह योजना केवल आवास निर्माण तक सीमित नहीं है, बल्कि महिला सशक्तीकरण, आजीविका संवर्धन और सामाजिक परिवर्तन का भी माध्यम बन रही है।



