आज की खबर

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर राजेश मूणत की विशाल तिरंगा यात्रा… राजधानी में उमड़ेगा राष्ट्रप्रेम का सैलाब, शाम को गुढ़ियारी में भव्य महाआरती

स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर 14 अगस्त को राजधानी रायपुर राष्ट्रप्रेम के रंग में सराबोर होगी। रायपुर पश्चिम विधानसभा क्षेत्र में दिग्गज भाजपा विधायक और पूर्व कैबिनेट मंत्री राजेश मूणत के नेतृत्व में हजारों मोटरसाइकिलों के साथ विशाल तिरंगा यात्रा निकाली जाएगी। दोपहर 3:00 बजे पं. दीनदयाल उपाध्याय ऑडिटोरियम, रायपुर से प्रारंभ होने वाली इस यात्रा में बड़ी संख्या में युवा, महिलाएं और नागरिक केसरिया साफा धारण कर हाथों में राष्ट्रध्वज लेकर सहभागी होंगे।

पं. दीनदयाल ऑडिटोरियम से विशाल तिरंगा यात्रा को रायपुर सांसद बृजमोहन अग्रवाल, विधायक सुनील सोनी, मोतीलाल साहू और पुरंदर मिश्रा, रायपुर महापौर मीनल चौबे तथा भाजपा जिला अध्यक्ष रमेश ठाकुर हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे। राजेश मूणत के नेतृत्व में आयोजित इस विशाल तिरंगा यात्रा को लेकर पूरे क्षेत्र में व्यापक तैयारियां की जा रही हैं। युवा शक्ति के साथ मातृशक्ति की विशेष सहभागिता इस आयोजन का प्रमुख आकर्षण होगी।

तिरंगा यात्रा पं. दीनदयाल ऑडिटोरियम से प्रारंभ होकर तात्यापारा, रामसागर पारा, राठौर चौक, तेलघानी नाका, अग्रसेन चौक, समता कॉलोनी, चौबे कॉलोनी, रामनगर अंडर ब्रिज, कर्मा चौक, कबीर चौक और CSEB चौक होते हुए भारत माता चौक, गुढ़ियारी पहुंचेगी। यात्रा मार्ग में विभिन्न स्थानों पर नागरिकों एवं सामाजिक संगठनों द्वारा तिरंगा यात्रा के स्वागत की तैयारियां की जा रही हैं। तिरंगा यात्रा का भव्य समापन भारत माता चौक, गुढ़ियारी में होगा। यात्रा के समापन के उपरांत संध्या 6:00 बजे भारत माता की भव्य आरती आयोजित की जाएगी।
इस अवसर पर सुप्रसिद्ध सांस्कृतिक संस्था लोकरंग अर्जुंदा द्वारा देशभक्ति गीतों की विशेष प्रस्तुति भी दी जाएगी।

तिरंगा यात्रा के नेतृत्वकर्ता रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस की पूर्व संध्या पर निकाली जा रही यह यात्रा केवल मोटरसाइकिल रैली नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति रायपुर के सामूहिक सम्मान, एकता और संकल्प की विराट अभिव्यक्ति होगी।
श्री मूणत ने कहा, “जब हजारों युवा और मातृशक्ति केसरिया साफा धारण कर हाथों में तिरंगा लेकर एक साथ सड़कों पर निकलेंगे, तब रायपुर का दृश्य अद्भुत होगा। हमारा प्रयास है कि इस यात्रा को देखने वाला प्रत्येक बच्चा तिरंगे पर गर्व करे, प्रत्येक युवा राष्ट्र के प्रति अपने दायित्व को महसूस करे और प्रत्येक परिवार स्वयं को इस राष्ट्रोत्सव का सहभागी समझे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button