मन की बात : पीएम मोदी ने पेट्रोल-डीजल संकट का किया उल्लेख… बसों और मेट्रो आदि के इस्तेमाल की सलाह
पीएम नरेंद्र मोदी ने आज रविवार 31 मई को अपने मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 134वें एपिसोड के जरिए देश को संबोधित किया। आज के इस विशेष संबोधन में पीएम मोदी ने आम जनता पर बढ़ती महंगाई और परिवहन लागत के प्रभाव को देखते हुए देशवासियों से पेट्रोल और डीजल के विवेकपूर्ण उपयोग की अपील की। उन्होंने सार्वजनिक परिवहन जैसे मेट्रो आदि का अधिक उपयोग करने की सलाह दी और वैश्विक स्तर पर चल रहे ईरान-इजराइल संघर्ष और उससे जुड़े घटनाक्रमों पर भी देश का ध्यान आकर्षित किया।
“मन की बात” में पीएम मोदी ने विश्व तंबाकू निषेध दिवस, देश में चल रही दुनिया की सबसे बड़ी जनगणना की प्रगति और भीषण गर्मी व पर्यावरण संरक्षण जैसे कई महत्वपूर्ण सामाजिक और वैश्विक मुद्दों पर चर्चा की।उन्होंने बताया कि कई राज्यों में स्व-गणना का काम सफलतापूर्वक पूरा हो चुका है। देश भर में अब तक लगभग 1 करोड़ 20 लाख परिवारों की लिस्टिंग का कार्य पूरा किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि इस बार तकनीक और डिजिटल डेटाबेस (जैसे भारतीय राष्ट्रीय अभिलेखागार का अभिलेख पटल) के कारण लोगों का अनुभव पहले से काफी अलग और आसान हो रहा है।
आज ‘विश्व तंबाकू निषेध दिवस’ के अवसर पर पीएम मोदी ने युवाओं से नशे और तंबाकू से दूर रहने का आग्रह किया। उन्होंने देशवासियों को एक स्वस्थ जीवन शैली अपनाने और फिटनेस पर ध्यान देने की सलाह दी। देश के कई हिस्सों में पड़ रही भीषण गर्मी को देखते हुए पीएम मोदी ने लोगों को सेहत का ध्यान रखने और जरूरी सावधानियां बरतने के उपाय साझा किए। उन्होंने पानी बचाने और ऊर्जा का सही इस्तेमाल करने पर जोर दिया।



