रायपुर की प्रोफेसर कॉलोनी में बड़ा हादसा… सोलर पैनल लगा रहे दो युवक करंट से झुलसे, मौत… बिजली तार की चपेट में आ गए थे
राजधानी रायपुर की प्रोफेसर कॉलोनी में शनिवार, 4 जुलाई को सोलर पैनल लगाने के दौरान हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। पुलिस ने मृतकों के नाम प्रमोद चन्द्राकर (25 वर्ष) और आशीष चंद्राकर (उम्र 19 वर्ष) बताए हैं। मृतक भिलाई ग्राम औंधी के रहने वाले थे। प्रोफेसर कॉलोनी में एक मकान की छत पर तीन मजदूर सोलर पैनल स्थापित करने का काम कर रहे थे। काम के दौरान सोलर पैनल या उसे उठाने के लिए इस्तेमाल किया जा रहा लोहे का उपकरण पास से गुजर रही हाईटेंशन बिजली की तार से टकरा गया। तार के संपर्क में आते ही जोरदार करंट लगा, जिससे दो मजदूर बुरी तरह झुलस गए और उन्होंने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के समय छत पर मौजूद तीसरा मजदूर इस करंट की चपेट में आने से बाल-बाल बच गया।
हादसे की सूचना मिलते ही पुरानी बस्ती पुलिस और टीआई विनय बघेल तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भिजवाया।l पुलिस ने हादसे के चश्मदीदों और सुरक्षित बचे तीसरे मजदूर से पूछताछ शुरू कर दी है, ताकि लापरवाही या हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जा सके। इस घटना के बाद से स्थानीय इलाके में अफरा-तफरी और शोक का माहौल है।



