रायपुर में साइको किलर!!! अकेली महिलाओं का साइकिल से पीछा और सुनसान में हमला… एक को दुष्कर्म कर मारा, दूसरी बाल-बाल बची तो मिला सुराग, गिरफ्तार
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर से मुजगहन इलाके में महिला से दुष्कर्म और हत्या की जांच करते हुए पुलिस ने एक ऐसे खौफनाक साइको किलर को गिरफ्तार किया, जो काफी दिन से यही कर रहा था। पुलिस ने सेजबहार से देवेंद्र कुमार साहू (29) को गिरफ्तार कर लिया, जो जांच में महिलाओं पर क्राइम का आदतन अपराधी और “सेक्सुअल साइकोपैथ” प्रवृत्ति का निकला है।
इस सनसनीखेज मामले की शुरुआत 21 जुलाई को न्यू स्वागत विहार के पास एक खाली प्लॉट में भरे पानी में 35 वर्षीय महिला (सुभद्रा) का शव मिलने से हुई। वह बोरियाकला की रहने वाली थी और घरों में खाना बनाने का काम करती थी। इस केस की जांच चल ही रही थी कि 5 अगस्त की रात को सेजबहार इलाके में एक अन्य महिला पर अकेले घर जाते समय हमला हुआ। महिला के मुताबिक साइकिल से पीछा करते हुए युवक ने सूने में उसपर हमला किया। महिला को जान से मारने की धमकी देकर नाली में गिरा दिया। और दुष्कर्म की कोशिश की। लेकिन इस बार दूसरी महिला हिम्मत दिखाते हुए जोर-जोर से चीखने-चिल्लाने लगी। शोर से युवक मौके से भाग निकला। इस महिला की शिकायत और बयान से पुलिस को आरोपी के हुलिए और उसकी साइकिल से पीछा करने के पैटर्न का सुराग मिला।
इस दूसरे सीरियल मामले के बाद पुलिस पैटर्न के आधार पर इस नतीजे पर पहुंची कि आरोपी अकेली महिलाओं को देखकर साइकिल से उनका पीछा करता था। 21 जुलाई को भी उसने महिला को अकेला देखकर पीछा किया, सुनसान जगह पर उसे दबोचा और दुष्कर्म किया। जब महिला ने विरोध किया तो आरोपी ने उसका गला दबाकर और नाक-मुंह पानी में डुबोकर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी। दोनों मामलों की कड़ियाँ जोड़ने के बाद रायपुर पुलिस ने 8 से अधिक टीमें बनाईं। घटनास्थल और आने-जाने वाले रास्तों के सैकड़ों सीसीटीवी (CCTV) कैमरों के फुटेज खंगाले गए। तकनीकी साक्ष्यों, मुखबिरों और पूर्व अपराधियों के रिकॉर्ड की जांच के आधार पर पुलिस देवेंद्र कुमार साहू तक पहुंच ही गई। उसके पास से मृतिका का मोबाइल, वारदात में इस्तेमाल साइकिल और कपड़े बरामद किए गए हैं।
पुलिस ने जांच में खुलासा किया कि आरोपी पहले भी महिला संबंधी गंभीर अपराधों में जेल जा चुका है। साल 2017 में मुजगहन थाने के ही एक दुष्कर्म और पॉक्सो (POCSO) मामले में उसे 10 साल की जेल की सजा हो चुकी थी। वह जेल से छूटने के बाद दोबारा इसी तरह की वारदातों को अंजाम दे रहा था।



