हनीट्रैप : रायपुर के कारोबारी ने की शिकायत… दो युवतियों के खिलाफ एफआईआर… वीडियो बनाकर पैसे ऐंठने का आरोप
छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक कारोबारी को हनी ट्रैप में फंसाकर ब्लैकमेल करने और दुष्कर्म केस की धमकी देकर पैसे ऐंठने का मामला सामने आया है। कारोबारी की शिकायत पर सिविल लाइन थाना पुलिस ने दो युवतियों नित्या और पायल (आंचल) के खिलाफ नामजद एफआईआर दर्ज कर ली है। हालांकि पुलिस ने कारोबारी की शिकायत के अलावा और भी एंगल जाँच के दायरे में रखे हैं।
पुलिस को शिकायतकर्ता जयंत (38) ने बताया कि दो माह पहले, मई में गुढ़ियारी थाने में मुलाकात के बाद दोनों युवतियां उसके संपर्क में रहीं। उन्होंने नौकरी और पार्लर खोलने के बहाने संबंध बनाए। कारोबारी का आरोप है कि 14 जून को मिलने बुलाने के बाद नशीली सिगरेट देकर आरोपियों ने उसके आपत्तिजनक वीडियो बना लिए। अगले दिन युवतियों ने दुष्कर्म केस करने की धमकी देकर पैसों की मांग शुरू कर दी। कारोबारी ने 25 जून को 25 हजार रुपये दिए। फिर 10 जुलाई को दोनों युवतियां ऑफिस पहुंचकर हंगामा किया। सिविल लाइन पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस सीसीटीवी और मोबाइल रिकॉर्ड के माध्यम से दोनों आरोपियों की तलाश कर रही है।



