बंगाल और असम के रुझान से गदगद सीएम साय बोले- यह लोकतंत्र और भाजपा सरकारों के सुशासन की बड़ी जीत
पांच राज्यों के रुझानों में पश्चिम बंगाल और असम में पूर्ण बहुमत से भाजपा सरकार बनने के संकेतों पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने हर्ष व्यक्त किया है। सीएम साय ने कहा कि परिणाम भारतीय जनता पार्टी के पक्ष में दिखाई दे रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से पश्चिम बंगाल में भाजपा को बहुमत मिलने के संकेतों पर प्रसन्नता जाहिर की और इसे “लोकतंत्र की जीत” करार दिया। सीएम साय ने कहा कि जनता ने विकास, सुशासन और जनकल्याण की राजनीति पर एक बार फिर मुहर लगाई है।
सीएम विष्णुदेव साय सोमवार सुबह बलरामपुर स्थित भाजपा कार्यालय पहुंचे, जहां पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका आतिशबाजी और नारों के साथ जोरदार स्वागत किया। इस दौरान मुख्यमंत्री ने देश के पांच राज्यों में चल रहे चुनावी रुझानों पर अपनी पहली प्रतिक्रिया साझा की। बता दें कि मुख्यमंत्री रविवार से ही बलरामपुर के प्रवास पर थे। रात्रि विश्राम के बाद सोमवार सुबह उन्होंने भाजपा कार्यालय में कार्यकर्ताओं के साथ लंबी चर्चा की। इस मुलाकात के दौरान उन्होंने आगामी संगठनात्मक गतिविधियों और स्थानीय क्षेत्रीय समस्याओं को सुना। इसके बाद मुख्यमंत्री वहां से रवाना हो गए।



