आज की खबर

उद्योगपति अनिल अग्रवाल के वेदांता ग्रुप पर ED के ताबड़तोड़ छापे… सक्ती में हाल में बायलर विस्फोट में 20 की मौत से देशभर में चर्चा में रहा वेदांता ग्रुप

छत्तीसगढ़ के सक्ती में भीषण हादसे और 20 लोगों की दर्दनाक मृत्यु से चर्चा में आए उद्योगपति अनिल अग्रवाल के वेदांता ग्रुप (Vedanta Group) के विभिन्न ठिकानों पर प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने 2 जून को ताबड़तोड़ छापेमारी की है। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार यह कार्रवाई विदेशी मुद्रा प्रबंधन अधिनियम (FEMA) के कथित उल्लंघन से जुड़ी जांच के सिलसिले में की गई है। यह कार्रवाई सिविल मामलों (FEMA) के तहत है, न कि मनीलॉन्ड्रिंग (PMLA) के तहत।

ईडी की टीमों ने दिल्ली, मुंबई और राजस्थान सहित कई शहरों में वेदांता के कॉर्पोरेट कार्यालयों पर तलाशी ली है, जो चल रही है। जांच का मुख्य केंद्र भारत स्थित वेदांता लिमिटेड द्वारा लंदन में मौजूद अपनी मूल पैरेंट कंपनी ‘वेदांता रिसोर्सेज’ (Vedanta Resources) को किए गए ‘ब्रांड फीस’ और ‘रॉयल्टी भुगतान’ के वित्तीय लेनदेन हैं। ईडी अधिकारियों ने सोमवार और मंगलवार को हुई इस तलाशी के दौरान कथित सीमा-पार वित्तीय लेनदेन (Cross-border transactions) से जुड़े समझौते, वित्तीय रिकॉर्ड और डिजिटल दस्तावेज एकत्र किए हैं।

बता दें कि छत्तीसगढ़ के सक्ती ज़िले (सिमतराई गांव) में स्थित वेदांता लिमिटेड के पावर प्लांट में 14 अप्रैल 2026 को एक भीषण हादसा हुआ था। प्लांट में बॉयलर फटने से हुए इस भीषण विस्फोट में 20 से अधिक मजदूरों और कर्मचारियों की दर्दनाक मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

ईडी की इस कार्रवाई पर प्रतिक्रिया देते हुए वेदांता के प्रवक्ता ने कहा, “हम संबंधित अधिकारियों के साथ पूरा सहयोग कर रहे हैं और मांगी गई सभी जानकारी उपलब्ध करा रहे हैं। हमारी कंपनी सभी कानूनों और नियमों का पालन करने के लिए प्रतिबद्ध है।”

यह छापेमारी ऐसे समय में हुई है जब वेदांता समूह अपने कारोबार को सुव्यवस्थित करने के लिए डीमर्जर (Demerger) की प्रक्रिया से गुजर रहा है। कंपनी ने अपने एल्युमिनियम, ऑयल एंड गैस, पावर, और आयरन व स्टील जैसे बड़े व्यवसायों को अलग-अलग स्वतंत्र कंपनियों में बांटने का फैसला किया है, जिनकी लिस्टिंग शेयर बाजार में होनी है। इस नियामक जांच का असर बाजार की धारणा और कंपनी के शेयरों पर भी देखने को मिला, जहां खबर आने के बाद इसके शेयर लाल निशान पर ट्रेंड करते दिखे।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button