छत्तीसगढ़ में आय, जाति, निवास प्रमाणपत्र और नक्शा-खसरा, सीमांकन-पंजीयन ठप… भाजपा विधायक की गिरफ्तारी के लिए तहसीलदारों का आंदोलन शुरू
छत्तीसगढ़ में पांच सौ से अधिक तहसीलदार और नायब तहसीलदारों ने भाजपा विधायक रामकुमार टोप्पो की गिरफ्तारी की मांग करते हुए आज 1 जून से अनिश्चितकालीन कामबंद और कलमबंद हड़ताल शुरू कर दी है। इससे प्रदेशभर की तहसीलों में जाति, निवास, आय प्रमाण पत्र, जमीन की रजिस्ट्री, नामांतरण और अन्य राजस्व से जुड़े जरूरी काम ठप हो गए हैं।
दरअसल सरगुजा जिले की मैनपाट तहसील के राजापुर में 27 मई को नायब तहसीलदार (कार्यपालिक मजिस्ट्रेट) तुषार मानिक के साथ मारपीट और अभद्रता की गई थी।इस मामले में भारतीय जनता पार्टी (BJP) के सीतापुर विधायक रामकुमार टोप्पो और उनके 10 समर्थकों के खिलाफ एफआईआर (FIR) दर्ज की गई है। तहसीलदार संघ आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहा है। घटना के कई दिन बीत जाने के बाद भी मुख्य आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से राजस्व अधिकारियों में गहरा आक्रोश और असुरक्षा का माहौल है।
छत्तीसगढ़ कनिष्ठ प्रशासनिक सेवा संघ के आह्वान पर पूरे प्रदेश के राजस्व अधिकारी सामूहिक अवकाश लेकर आंदोलन कर रहे हैं। संघ ने 29 मई को पूरे प्रदेश में एक दिवसीय सांकेतिक अवकाश लेकर शांतिपूर्ण विरोध दर्ज कराया था। पीड़ित नायब तहसीलदार तुषार मानिक ने आरोपों की सच्चाई सामने लाने के लिए खुद का और विधायक रामकुमार टोप्पो का नार्को टेस्ट कराने की मांग की है। विधायक ने भी जांच में सहयोग करने की बात कही है। संघ ने अपनी मांगों को लेकर राज्यपाल, मुख्यमंत्री, गृह मंत्री और राजस्व मंत्री को ज्ञापन सौंप दिया है और स्पष्ट किया है कि जब तक उचित कार्रवाई नहीं होती, आंदोलन जारी रहेगा।



