नारी शक्ति वंदन विधेयक गिराना महापाप… आधी आबादी को कांग्रेस गठबंधन ने दिया धोखा- सीएम साय का विपक्ष पर प्रहार

छत्तीसगढ़ के सीएम विष्णुदेव साय ने लोकसभा में नारी शक्ति वंदन विधेयक के गिरने के लिए कांग्रेस और अलायंस को दोषी ठहराते हुए तीखा हमला किया है। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव अरुण सिंह एवं प्रदेश अध्यक्ष किरण सिंह देव के साथ सीएम साय ने आज भाजपा प्रदेश कार्यालय, कुशाभाऊ ठाकरे परिसर में मीडिया को संबोधित किया। सीएम ने कहा कि वे बड़े दुखी मन से प्रेस के साथियों को संबोधित कर रहे हैं। पीएम नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में लाया गया ‘नारी शक्ति वंदन अधिनियम’ से संबंधित संविधान संशोधन विधेयक हमारी माताओं-बहनों के लिए लोकसभा एवं विधानसभाओं में 33% आरक्षण का मार्ग प्रशस्त करने वाला था। लेकिन, परिवारवादी राजनीति और वोट बैंक को साधने के लिए कांग्रेस और गठबंधन ने देश की 70 करोड़ महिलाओं के साथ विश्वासघात किया है।
सीएम साय ने कहा कि देश की आधी आबादी को नेतृत्व के अधिकार से वंचित करने के उद्देश्य से महिला आरक्षण की राह में बाधा डालने का जो ‘महापाप’ कांग्रेस और इंडी गठबंधन ने किया है, उसका परिणाम उन्हें अवश्य भुगतना पड़ेगा। उन्होंने कहा कि छत्तीसगढ़ सहित देश की समस्त नारीशक्ति आने वाले समय में कांग्रेस को करारा जवाब देगी। महिला विरोधी कांग्रेस और इंडी गठबंधन को देश की जनता अब और बर्दाश्त नहीं करेगी।


