आज की खबर

डूमरतराई-2 थोक मार्केट सरदार पटेल के नाम पर… उनकी 25 फीट ऊँची प्रतिमा भी लगेगी… सीएम साय ने किया मार्केट का लोकार्पण

डुमरतराई थोक बाजार फेस-2 का नाम ‘लौह पुरुष’ सरदार वल्लभभाई पटेल पर रहेगा। इस परिसर में सरदार पटेल की 25 फीट ऊंची प्रतिमा भी स्थापित की जाएगी। सीएम विष्णुदेव साय ने आज गुरुवार को राजधानी रायपुर के डुमरतराई में छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के नवीन थोक बाजार फेस-2 का लोकार्पण किया।

इस अवसर पर सीएम साय ने परिसर का नामकरण लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल के नाम पर करने तथा स्टैच्यू ऑफ यूनिटी की तर्ज पर सरदार पटेल की प्रतिमा लगाने की घोषणा की। सीएम ने कहा कि व्यापार और रोजगार एक-दूसरे के पूरक हैं। जहां आधुनिक व्यापारिक अधोसंरचना विकसित होती है, वहां आर्थिक गतिविधियों का विस्तार होता है, नए निवेश आकर्षित होते हैं और रोजगार के अवसर भी बढ़ते हैं। डुमरतराई का यह आधुनिक थोक बाजार रायपुर सहित पूरे छत्तीसगढ़ के व्यापार को नई गति देगा तथा प्रदेश की अर्थव्यवस्था को और अधिक सशक्त बनाएगा। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय राजमार्ग-30 पर लगभग 36 एकड़ क्षेत्र में विकसित इस अत्याधुनिक परिसर में चौड़ी सड़कें, पर्याप्त पार्किंग, सुव्यवस्थित यातायात व्यवस्था तथा आधुनिक व्यापारिक सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यह व्यापारियों की वर्षों पुरानी आवश्यकता को पूरा करने वाली महत्वपूर्ण परियोजना है। आवास पर्यावरण मंत्री ओ.पी. चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री के नेतृत्व में प्रदेश में व्यापारिक अधोसंरचना का तेजी से विस्तार हो रहा है।

उल्लेखनीय है कि डुमरतराई थोक बाजार का विकास दो चरणों में किया गया है। प्रथम चरण में लगभग 76 करोड़ रुपये की लागत से 536 व्यावसायिक दुकानें एवं हॉल निर्मित किए गए। द्वितीय चरण में लगभग 145 करोड़ रुपये की लागत से 154 स्वतंत्र व्यावसायिक दुकानों का निर्माण किया गया है। दोनों चरणों के पूर्ण होने के साथ प्रदेश को आधुनिक, सुव्यवस्थित और सर्वसुविधायुक्त थोक व्यापारिक परिसर मिला है।

Show More

Related Articles

Leave a Reply

Back to top button